मध्य प्रदेश

खाद्य वितरण व्यवस्था पर फोकस: 26 जनवरी को ग्राम सभाओं में होगा वाचन

मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री अन्न सेवा जागरूकता कार्यक्रम शुरू। 26 जनवरी को ग्राम सभाओं में राशन वितरण, ई-केवाईसी और पात्र हितग्राहियों की जानकारी का सार्वजनिक वाचन होगा।

भोपाल. खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को राशन सामग्री के प्रति जागरूक करने और वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से ‘मुख्यमंत्री अन्न सेवा जागरूकता कार्यक्रम’ प्रारंभ किया गया है।

गणतंत्र दिवस पर विशेष ग्राम सभाएं

कार्यक्रम के तहत 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) को आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली (TPDS) से संबंधित जानकारी का वाचन किया जाएगा। यह वाचन संबंधित उचित मूल्य दुकान के विक्रेता द्वारा किया जाएगा। जिन ग्राम पंचायतों में पृथक विक्रेता नहीं हैं, वहां यह कार्य समिति प्रबंधक द्वारा किया जाएगा।

ग्राम सभा में किन जानकारियों का होगा वाचन

ग्राम सभाओं में निम्नलिखित बिंदुओं की जानकारी सार्वजनिक रूप से पढ़ी जाएगी—

  • प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत राशन प्राप्त करने वाले पात्र परिवारों/हितग्राहियों के नाम
  • पात्र परिवारों को वितरित की जाने वाली राशन सामग्री की मात्रा
  • ई-केवाईसी लंबित (प्रतीक्षारत) हितग्राहियों के नाम
  • वर्तमान में शामिल लेकिन ई-केवाईसी न कराने वाले हितग्राहियों की सूची
  • मृतक एवं स्थायी रूप से पलायन कर चुके हितग्राहियों का चिन्हांकन

2 अक्टूबर और 26 जनवरी को वाचन का प्रावधान

मुख्यमंत्री अन्न सेवा जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत यह भी प्रावधान किया गया है कि 2 अक्टूबर और 26 जनवरी को आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में उचित मूल्य दुकानों से जुड़े पात्र हितग्राहियों तथा उन्हें वितरित खाद्यान्न की मात्रा का विवरण जनसमुदाय के समक्ष वाचन किया जाए।

10 फरवरी 2026 तक भेजनी होगी रिपोर्ट

गणतंत्र दिवस पर आयोजित ग्राम सभाओं में वाचन के दौरान उठाए गए बिंदुओं को कार्यवाही विवरण में दर्ज कर निर्धारित प्रपत्र में 10 फरवरी 2026 तक खाद्य संचालनालय को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य व्यवस्था की समीक्षा और आवश्यक सुधार सुनिश्चित करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button