असामाजिक तत्वों पर विजयराघवगढ़ पुलिस का कड़ा प्रहार: सड़कों पर उतरा बल, होटल-ढाबों और संदिग्धों की हुई सघन जांच
कटनी के विजयराघवगढ़ में एसडीओपी वीरेंद्र धारवे के नेतृत्व में पुलिस ने सघन जांच अभियान चलाया। कानून-व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से होटल-ढाबों की जांच, संदिग्धों से पूछताछ और बाजार में पैदल पेट्रोलिंग की गई। सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए व्यापारियों से भी सहयोग की अपील की गई।

कटनी. कटनी जिले के विजयराघवगढ़ में कानून-व्यवस्था मजबूत करने हेतु पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। एसडीओपी वीरेंद्र धारवे और थाना प्रभारी अभिषेक चौबे की मौजूदगी में पुलिस बल ने क्षेत्र में पैदल पेट्रोलिंग कर होटल-ढाबों की जांच की तथा संदिग्ध तत्वों को चेतावनी दी।
कानून-व्यवस्था मजबूत करने सड़कों पर उतरी कटनी पुलिस
कटनी जिले में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र में बुधवार को एक विशेष जांच और सुरक्षा अभियान संचालित किया गया। एसडीओपी वीरेंद्र धारवे के नेतृत्व में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे और पुलिस बल के जवानों ने पूरे इलाके में पैदल गश्त कर सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया।
होटल-ढाबों और सार्वजनिक स्थलों का सघन निरीक्षण
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न होटलों, ढाबों और सार्वजनिक स्थानों पर अचानक दबिश दी। जिन स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों की आशंका रहती है, वहां पहुंचकर पुलिस कर्मियों ने गहन पड़ताल की। इसके अतिरिक्त, सुनसान स्थानों और चौराहों पर बिना किसी स्पष्ट कारण के एकत्र मिले संदिग्धों तथा असामाजिक तत्वों को रोककर पूछताछ की गई और माहौल बिगाड़ने पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
यातायात सुधार और व्यापारियों से सहयोग का आह्वान
पेदल गश्त के दौरान पुलिस दल ने मुख्य बाजार क्षेत्र का रुख किया, जहां बेतरतीब और अव्यवस्थित तरीके से पार्क किए गए वाहनों को व्यवस्थित कराया गया। अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों से सीधा संवाद स्थापित कर सड़क पर अतिक्रमण न करने तथा यातायात एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। इस पहल से आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल निर्मित हुआ।
अपराधों पर लगाम कसने के लिए जारी रहेगा अभियान
थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति के साथ सख्ती से निपटा जाएगा। आपराधिक पृष्ठभूमि वाले तत्वों और अवैध कारोबार में लिप्त लोगों पर पुलिस की खुफिया नजर बनी हुई है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के दिशा-निर्देशों तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में संचालित यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।




