अंतरराष्ट्रीय

होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाज पर हमला, 1 भारतीय लापता; 10 सुरक्षित, भारत ने जताई कड़ी आपत्ति

ओमान के तट के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में कमर्शियल जहाज पर हुए हमले के बाद 11 भारतीयों में से 10 को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक भारतीय लापता है। विदेश मंत्रालय ने हमले की निंदा करते हुए सुरक्षित समुद्री आवाजाही और क्षेत्रीय शांति पर जोर दिया।

साइप्रस. ओमान के तट के निकट स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे साइप्रस के झंडे वाले कमर्शियल जहाज जीएफएस गैलेक्सी पर हुए हमले के बाद एक भारतीय नागरिक लापता हो गया है। घटना के बाद जहाज में आग लगने से चालक दल को आपात स्थिति में जहाज छोड़ना पड़ा। राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है और लापता भारतीय की तलाश की जा रही है।

11 भारतीयों में से 10 को सुरक्षित निकाला गया

भारत सरकार ने पुष्टि की है कि जहाज पर कुल 11 भारतीय नागरिक मौजूद थे। इनमें से 10 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। बचाव अभियान में स्थानीय एजेंसियां लगातार जुटी हुई हैं और स्थिति पर करीबी निगरानी रखी जा रही है।

विदेश मंत्रालय ने हमले की कड़ी निंदा की

विदेश मंत्रालय ने इस हमले की निंदा करते हुए कहा कि ओमान के तट के पास कमर्शियल जहाज पर हुआ हमला बेहद चिंताजनक है। मंत्रालय के अनुसार, ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है और खोज एवं बचाव अभियान में पूरा सहयोग कर रहा है। भारत ने राहत कार्यों में सहयोग के लिए ओमानी अधिकारियों का आभार भी व्यक्त किया है।

समुद्री सुरक्षा और शांति बहाली पर भारत का जोर

भारत ने क्षेत्र में कमर्शियल शिपिंग पर लगातार हो रहे हमलों को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि तनाव कम करने और कूटनीतिक समाधान की दिशा में प्रयास तेज किए जाने चाहिए ताकि क्षेत्र में स्थिरता बहाल हो सके। साथ ही अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर निर्बाध आवाजाही, व्यापारिक गतिविधियों की सुरक्षा और नागरिक ढांचे को निशाना बनाए जाने की घटनाओं पर तत्काल रोक लगाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। भारत ने स्पष्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप समुद्री व्यापार और नौवहन की स्वतंत्रता हर हाल में सुनिश्चित की जानी चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button