बिज़नेस

पेट्रोल में एथेनॉल मिक्सिंग पर अफवाहों को झटका: एक्सपर्ट्स ने कहा- वैज्ञानिक परीक्षणों के बाद ही लागू हुआ E20

क्या ई20 फ्यूल से खराब हो रही हैं गाड़ियां? मारुति सुजुकी, टोयोटा और ईआईएल के एक्सपर्ट्स ने एथेनॉल ब्लेंडिंग पर फैली शंकाओं का वैज्ञानिक दावों के साथ दिया जवाब।

ऑटोमोबाइल और एनर्जी सेक्टर के दिग्गजों ने पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण (Ethanol Blending) को लेकर सोशल मीडिया पर उठ रहे सवालों और शंकाओं को खारिज किया है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि भारत में ई20 (E20) फ्यूल को कड़े वैज्ञानिक परीक्षणों, व्यापक विचार-विमर्श और वैश्विक मानकों के आधार पर ही चरणबद्ध तरीके से लागू किया गया है। इससे गाड़ियों के इंजन या पार्ट्स खराब होने का कोई प्रामाणिक सबूत नहीं मिला है।

2023 के बाद की गाड़ियां और ई20 मानक

मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर राहुल भारती ने स्पष्ट किया कि भारत में साल 2023 से ही ई20 ईंधन के अनुकूल वाहन बनाना अनिवार्य कर दिया गया था। इससे पहले देश में ई10 (10% एथेनॉल) का नियम लागू था। इसलिए 2023 के बाद से बाजार में आने वाले नए वाहन और पेट्रोल पंपों पर मिलने वाला ईंधन, दोनों पूरी तरह ई20 मानकों के अनुरूप हैं। इक्का-दुक्का शिकायतों की वजह ईंधन में मिलावट या पानी की मौजूदगी हो सकती है।

तय समय से 5 साल पहले हासिल हुआ लक्ष्य

इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (EIL) की पूर्व सीएमडी वर्तिका शुक्ला ने बताया कि साल 2013-14 में भारत के पेट्रोल में सिर्फ 1.5% एथेनॉल मिलाया जाता था। सरकार ने पेट्रोल में 20% एथेनॉल मिलाने का जो लक्ष्य रखा था, उसे दिसंबर 2025 में समय से 5 साल पहले ही हासिल कर लिया गया। उन्होंने कहा कि यह बदलाव अचानक नहीं हुआ, बल्कि एआरएआई (ARAI), सियाम (SIAM) और वाहन निर्माताओं द्वारा किए गए विस्तृत वैज्ञानिक परीक्षणों के बाद ही इसे देश भर में लागू किया गया है।

माइलेज पर असर और वारंटी की स्थिति

टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के कंट्री हेड विक्रम गुलाटी ने कहा कि ऑटोमोबाइल सेक्टर में सुरक्षा और गुणवत्ता के कड़े नियम हैं। कोई भी गाड़ी बाजार में आने से पहले कड़े होमोलोगेशन (सरकारी प्रमाणन) से गुजरती है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, गाड़ी के मॉडल के आधार पर ई20 फ्यूल से माइलेज में 3 से 5 प्रतिशत की मामूली कमी आ सकती है, लेकिन इससे पुरानी ई10 गाड़ियों की वारंटी पर कोई असर नहीं पड़ेगा। एथेनॉल पौधों से बनने वाला एक लो-कार्बन ईंधन है, जो पर्यावरण के लिए बेहद अनुकूल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button