CM Yogi Action on Coaching: सीएम योगी के निर्देश पर यूपी में महाअभियान, 100 से ज्यादा कोचिंग संस्थान सील; हड़कंप
यूपी में सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर कोचिंग संस्थानों के खिलाफ बड़ा महाअभियान शुरू हुआ है। लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर और वाराणसी में मानकों का उल्लंघन करने वाले 100 से अधिक कोचिंग सेंटर सील किए गए हैं। पूरी रिपोर्ट पढ़ें।

लखनऊ. राजधानी लखनऊ में हुई हालिया दुखद घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रुख अपनाया है। सीएम योगी के सख्त निर्देश पर पूरे उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में अवैध और असुरक्षित कोचिंग संस्थानों के खिलाफ एक देशव्यापी महाअभियान शुरू कर दिया गया है। पुलिस, प्रशासन, विकास प्राधिकरण, विद्युत सुरक्षा और अग्निशमन (Fire) विभाग की संयुक्त टीमों ने राज्यभर के शैक्षणिक हबों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की है।
लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर, मेरठ और आगरा जैसे बड़े महानगरों में देर रात तक चली इस जांच कार्रवाई में अब तक 100 से अधिक कोचिंग संस्थानों को सील या उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सुरक्षा मानकों से खिलवाड़ करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रयागराज में ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ सील, 97 में से सिर्फ 15 के पास NOC
जांच के दौरान सबसे चौंकाने वाले आंकड़े प्रयागराज (इलाहाबाद) से सामने आए हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी चंद्र मोहन शर्मा के मुताबिक, शहर के 97 पंजीकृत संस्थानों में से केवल 15 कोचिंग सेंटरों के पास वैध फायर एनओसी (NOC) थी। इसी लापरवाही के चलते प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) ने सिविल लाइंस स्थित प्रसिद्ध ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ कोचिंग संस्थान को पूरी तरह से सील कर दिया है। विभाग ने आगे की जांच के लिए 10 विशेष टीमों का गठन किया है।
कानपुर के काकादेव में भारी अनियमितता: पार्किंग को बना दिया क्लासरूम
कानपुर के सबसे बड़े शैक्षणिक हब ‘काकादेव’ में कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) और फायर ब्रिगेड ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 30 से अधिक कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया। यहाँ सबसे गंभीर उल्लंघन बेसमेंट में मिला, जहाँ कागजों पर पार्किंग के लिए जगह अलॉट थी, लेकिन वहाँ अवैध रूप से सैकड़ों बच्चों को बैठाकर क्लासरूम चलाए जा रहे थे। इसके अलावा आपातकालीन निकास (Emergency Exit) भी नदारद मिले। इसी तरह मीरजापुर में भी करीब एक दर्जन संस्थानों पर ताला जड़ा गया है।
वाराणसी, जौनपुर और चंदौली में भी वीडीए का हथौड़ा
वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) और अग्निशमन विभाग ने बनारस, जौनपुर और चंदौली में बिना नक्शा पास कराए और नियमों के विपरीत चल रहे कोचिंग सेंटरों और अवैध लाइब्रेरियों पर बड़ी कार्रवाई की है। वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने बताया कि कई कोचिंग सेंटर बिना मानचित्र स्वीकृति के चलाए जा रहे थे, जिन्हें चिन्हित कर सील कर दिया गया है और यह महाअभियान आगे भी जारी रहेगा।




