राहुल गांधी की किस्मत का फैसला आज! मानहानि केस में MP हाईकोर्ट से मिलेगी राहत या बढ़ेगी मुश्किल?
राहुल गांधी मानहानि केस पर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट का बड़ा फैसला आज। शिवराज सिंह के बेटे कार्तिकेय चौहान के केस में मिलेगी व्यक्तिगत पेशी से राहत या बढ़ेगी मुश्किल? पढ़ें पूरी खबर।

जबलपुर। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के पुत्र कार्तिकेय सिंह चौहान द्वारा दायर मानहानि मामले में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बड़ी राहत मिलेगी या उनकी मुश्किलें बढ़ेंगी, इसका फैसला आज यानी बुधवार को होगा। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में राहुल गांधी की उस याचिका पर मंगलवार को सुनवाई पूरी हो गई है, जिसमें उन्होंने ट्रायल कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से पेश होने से छूट मांगी थी। कोर्ट ने मामले का रिकॉर्ड देखने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था, जो आज सुनाया जाएगा।
2018 के पनामा पेपर्स बयान से जुड़ा है पूरा विवाद
यह पूरा मामला साल 2018 के मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के समय का है। कार्तिकेय सिंह चौहान का आरोप है कि झाबुआ जिले में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने पनामा पेपर्स लीक मामले में उनके और उनके पिता शिवराज सिंह चौहान के नाम का गलत उल्लेख किया था। कार्तिकेय का दावा है कि इस झूठे बयान से उनकी और उनके परिवार की सामाजिक छवि को गहरा धक्का लगा, जिसके बाद उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था।
भोपाल कोर्ट के समन को जबलपुर हाई कोर्ट में चुनौती
इस हाई-प्रोफाइल मामले की सुनवाई फिलहाल भोपाल की विशेष एमपी-एमएलए (MP-MLA) कोर्ट में चल रही है। सुनवाई के दौरान लगातार अनुपस्थित रहने पर ट्रायल कोर्ट ने राहुल गांधी के खिलाफ समन जारी किया था। इसी समन और व्यक्तिगत उपस्थिति के आदेश को चुनौती देते हुए राहुल गांधी की ओर से हाई कोर्ट की जबलपुर मुख्य पीठ में याचिका दायर की गई थी। अब हाई कोर्ट यह तय करेगी कि मामले के अंतिम निपटारे तक राहुल गांधी को कोर्ट में व्यक्तिगत पेशी से कोई अंतरिम राहत दी जाए या नहीं।




