छत्तीसगढ़

रायपुर लाया गया दुष्कर्म आरोपी कथावाचक नरेंद्र शास्त्री: चावल देखकर भविष्य बताने का करता था दावा, तबीयत बिगड़ने पर मेकाहारा में होगी सोनोग्राफी

दुष्कर्म के आरोप में महासमुंद जेल में बंद 'चावल वाले बाबा' उर्फ आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री को इलाज के लिए बेहद गोपनीय तरीके से रायपुर लाया गया है। मेकाहारा में उनका चेकअप होगा। पूरी रिपोर्ट पढ़ें।

रायपुर. दुष्कर्म के आरोप में महासमुंद जेल में बंद ‘चावल वाले बाबा’ के नाम से मशहूर कथावाचक आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री को बेहद गोपनीय तरीके से रायपुर लाया गया है। सूमो गाड़ी में सवार आरोपी बाबा को पहले कड़ी सुरक्षा के बीच रायपुर केंद्रीय जेल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें मेडिकल चेकअप और उपचार के लिए मेकाहारा (मेकाहारा अस्पताल, रायपुर) ले जाया जाएगा।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नरेंद्र नयन शास्त्री को महासमुंद जेल से टाटा सूमो गाड़ी (नंबर CG 02 5072) के जरिए रायपुर लाया गया। सुरक्षा के मद्देनजर एक फालो गाड़ी (नंबर CG 03 A 0715) भी पूरे रास्ते साथ चल रही थी। बताया जा रहा है कि शास्त्री को सोनोग्राफी टेस्ट के लिए मेकाहारा ले जाया जा रहा है और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद उन्हें दोबारा महासमुंद जेल शिफ्ट कर दिया जाएगा।

बागबाहरा थाने में महिला ने दर्ज कराई थी FIR, सिलयारी से हुई थी गिरफ्तारी

गौरतलब है कि महासमुंद जिले के बागबाहरा थाना में एक महिला ने चर्चित कथावाचक एवं ज्योतिषाचार्य आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री के खिलाफ दुष्कर्म की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। प्रारंभिक जांच में पीड़िता के आरोपों को सही पाते हुए बागबाहरा पुलिस ने तत्परता दिखाई थी।

पुलिस ने आरोपी बाबा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की गंभीर धाराओं 376(2)(ज), 376(2)(एन) और 376(2)(एम) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया था। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी नरेंद्र नयन शास्त्री को रायपुर जिले के सिलयारी से गिरफ्तार किया था।

जेल में बिगड़ी तबीयत, सामाजिक पहचान को देख पुलिस अलर्ट

महासमुंद जेल में रहने के दौरान अचानक बाबा की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई है। चूंकि आरोपी की सामाजिक और सार्वजनिक पहचान काफी बड़ी है, इसलिए पुलिस प्रशासन किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहता था। महासमुंद पुलिस की एक विशेष टीम बेहद सतर्कता के साथ बाबा को लेकर रायपुर केंद्रीय जेल पहुंची। यहाँ जेल दाखिले की जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें आगे के इलाज के लिए भेजा जा रहा है।

‘चावल देखकर भविष्य’ बताने का दावा, आश्रम में उमड़ती थी भारी भीड़

सिलयारी का रहने वाला है आरोपी: गिरफ्तार आरोपी नरेंद्र नयन शास्त्री मूल रूप से रायपुर जिले के सिलयारी क्षेत्र का निवासी है। वह लंबे समय से छत्तीसगढ़ और आसपास के इलाकों में अपनी कथावाचन और ज्योतिष विधा को लेकर सुर्खियों में बना हुआ था।

आम जनता और श्रद्धालुओं के बीच उसकी सबसे बड़ी यूएसपी यह थी कि वह ‘चावल देखकर भविष्य बताने वाले बाबा’ के रूप में प्रसिद्ध था। इसी कथित चमत्कार के दावे के चलते उसके सिलयारी स्थित आश्रम और प्रदेशभर में होने वाले भजनों व कथा कार्यक्रमों में अंधभक्तों और आम लोगों की भारी भीड़ उमड़ती थी। फिलहाल, कथित चमत्कारी बाबा सलाखों के पीछे अपने कर्मों का हिसाब दे रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button