मध्य प्रदेश

MP Monsoon Weather Update: इंदौर में बरसे बादल, मौसम हुआ सुहाना; छत्तीसगढ़ के मुहाने पर थमा मानसून

MP Monsoon Weather Update: इंदौर में शनिवार को हुई तेज बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। हालांकि, अलनीनो के असर के कारण मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री में थोड़ी देरी हो रही है। मौसम विभाग की ताजा अपडेट पढ़ें।

MP Monsoon Weather Update: इंदौर। प्रशांत महासागर में अलनीनो (El Nino) की स्थिति अब सामान्य से पॉजिटिव में तब्दील हो चुकी है। समुद्र तल गर्म होने के कारण इसका सीधा असर दक्षिण-पश्चिमी मानसून पर दिखाई दे रहा है। यही वजह है कि इस बार भारत में मानसून की रफ्तार पर ब्रेक लगने जैसी स्थिति बनी हुई है।

हालांकि, इस बीच शनिवार दोपहर को इंदौर शहर में हुई तेज झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी है। तेज बारिश के कारण सड़कों पर पानी बह निकला और मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया है।

इस वजह से छत्तीसगढ़ के मुहाने पर अटका है मानसून

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पिछले वर्षों में जो मानसून 19 जून तक इंदौर समेत पूरे मध्य प्रदेश को कवर कर लेता था, वह इस बार उड़ीसा और झारखंड के साथ छत्तीसगढ़ के मुहाने पर ही अटका हुआ है।

27 जून के बाद पूरे प्रदेश में दस्तक: भोपाल स्थित मौसम केंद्र के विज्ञानियों के मुताबिक, मानसून के 23 जून तक छत्तीसगढ़ में पूरी तरह प्रवेश करने की संभावना है। ऐसे में मध्य प्रदेश की सीमाओं के भीतर मानसून की औपचारिक एंट्री जून के अंतिम सप्ताह में यानी 27 जून के आसपास होने के आसार हैं।

मध्य प्रदेश में इस साल 45 प्रतिशत तक कम हुई है वर्षा

जून महीने के शुरुआती 19 दिनों में मध्य प्रदेश में बारिश का आंकड़ा बेहद निराशाजनक रहा है। प्रदेश में इस बार प्री-मानसून सीजन (Pre Monsoon in MP) के दौरान अब तक औसत से करीब 45 फीसदी कम वर्षा दर्ज की गई है।

अगर क्षेत्रवार बात करें तो:

  • पूर्वी मध्य प्रदेश: इस हिस्से के जिले सूखे से ज्यादा प्रभावित हैं, जहाँ सामान्य से 45 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

  • पश्चिमी मध्य प्रदेश: इस क्षेत्र में सामान्य के मुकाबले 27 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

इंदौर में बादलों का डेरा, हल्की बूंदाबांदी का दौर रहेगा जारी

इससे पहले इंदौर शहर में दोपहर के वक्त निकली तेज धूप और उमस ने शहरवासियों को खासा परेशान किया था, जिसके बाद दोपहर ढलते ही मौसम ने करवट ली। शुक्रवार को शहर में अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक यानी 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में भी इंदौर के आसमान में बादलों का डेरा रहेगा और रुक-रुक कर हल्की बूंदाबांदी या तेज बौछारें पड़ने का सिलसिला जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button