मध्य प्रदेश

मध्यप्रदेश को टेक हब बनाने की पहल तेज, दावोस में HCL टेक से अहम संकेत

दावोस में वर्ल्ड इकोनामिक फोरम–2026 के पहले दिन मध्यप्रदेश ने एचसीएल टेक, शिरू और अमारा राजा समूह के साथ निवेश, एआई, आईटी और नवकरणीय ऊर्जा पर अहम चर्चाएं कीं।

स्विट्ज़रलैंड के दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनामिक फोरम–2026 के पहले दिन मध्यप्रदेश के लिए निवेश, सहयोग और वैश्विक साझेदारी के नए द्वार खुले। फोरम में राज्य की सशक्त मौजूदगी देखने को मिली। मध्यप्रदेश प्रतिनिधिमंडल ने तकनीक, नवकरणीय ऊर्जा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), आईटी, कृषि-खाद्य, पर्यटन और औद्योगिक क्षेत्रों में वैश्विक कंपनियों के साथ व्यापक चर्चा की। राज्य को एक भरोसेमंद और फ्यूचर-रेडी इन्वेस्टमेंट डेस्टिनेशन के रूप में प्रस्तुत किया गया।

एआई आधारित प्रोटीन नवाचार पर शिरू के साथ सहयोग की संभावनाएं

दावोस में मध्यप्रदेश सरकार और एआई आधारित प्रोटीन नवाचार में अग्रणी कंपनी Shiru के बीच सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ। प्रदेश के औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के प्रमुख सचिव राघवेन्द्र कुमार सिंह ने शिरू की सीईओ एवं संस्थापक डॉ. जैस्मिन ह्यूम के साथ विस्तृत चर्चा की।

बैठक में एआई-संचालित प्रोटीन नवाचार, कृषि-आधारित इनपुट्स और अनुप्रयुक्त अनुसंधान पर फोकस रहा। शिरू ने मध्यप्रदेश की सुदृढ़ कृषि व्यवस्था में विशेष रुचि व्यक्त की। राज्य के विश्वविद्यालयों और कृषि अनुसंधान संस्थानों के साथ सहयोग, फसल-आधारित प्रोटीन इनपुट्स की पहचान तथा जॉइंट वेंचर की संभावनाओं पर सहमति बनी।

नवकरणीय ऊर्जा भंडारण पर अमारा राजा समूह से वार्ता

  • नवकरणीय ऊर्जा भंडारण के क्षेत्र में अमारा राजा समूह के साथ भी अहम बैठक हुई।
  • इस चर्चा में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला तथा अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव ने समूह के सह-संस्थापक, चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर जय गल्ला से बातचीत की।
  • बैठक में हाइब्रिड मॉडलों की लागत संरचना और तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत अध्ययन किए जाने पर सहमति बनी।

एचसीएल टेक के साथ टियर-2 टेक्नोलॉजी हब पर मंथन

  • दावोस में वैश्विक आईटी सेवा कंपनी HCL Tech के साथ टियर-2 टेक्नोलॉजी हब को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
  • मध्यप्रदेश प्रतिनिधिमंडल की एचसीएल टेक के कॉर्पोरेट वाइस प्रेसिडेंट अभय चतुर्वेदी के साथ बैठक में प्रमुख सचिव राघवेन्द्र कुमार सिंह ने राज्य में टियर-2 टेक हब के रूप में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी।
  • एचसीएल टेक ने पारंपरिक आईटी केंद्रों से आगे बढ़कर टियर-2 शहरों में संचालन विस्तार की संभावनाओं का आकलन करने की बात कही। कंपनी के अनुसार मध्यप्रदेश को एक उभरते और संभावनाओं से भरपूर टेक्नोलॉजी डेस्टिनेशन के रूप में देखा जा रहा है।

विशेष जीसीसी पॉलिसी और शैक्षणिक संस्थान बने आकर्षण

  • बैठक के दौरान मध्यप्रदेश शासन की विशेष ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) पॉलिसी की जानकारी दी गई।
  • प्रतिस्पर्धी लागत लाभ, रेडी-टू-मूव-इन ऑफिस स्पेस और राज्य में आईआईटी, एनआईटी तथा आईआईएसईआर जैसे प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों की मौजूदगी को प्रमुख ताकत के रूप में प्रस्तुत किया गया।
  • एचसीएल टेक ने मध्यप्रदेश में भविष्य के टेक्नोलॉजी सेंटर्स और ऑफशोर डेवलपमेंट सेंटर्स स्थापित करने की संभावनाओं में रुचि व्यक्त की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button