MP News : पर्यावरण और जनस्वास्थ्य की रक्षा; बायो मेडिकल वेस्ट पर कड़ा अनुपालन — उप मुख्यमंत्री शुक्ल
MP News : उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने भोपाल मंत्रालय में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा की। मेडिकल कॉलेज निर्माण, बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन और पीएचसी-सीएचसी उन्नयन पर दिए निर्देश।

MP News : भोपाल. राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय, भोपाल में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और चिकित्सा अधोसंरचना के विस्तार से संबंधित प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने रीवा, सिंगरौली, ग्वालियर, सागर एवं बुधनी मेडिकल कॉलेजों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता, मानव संसाधन की नियुक्ति और शैक्षणिक एवं चिकित्सकीय गतिविधियों के सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन पर सख्ती
बैठक में उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने बायो मेडिकल वेस्ट के वैज्ञानिक और सुनियोजित प्रबंधन को अनिवार्य बताते हुए निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों में बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन नियमों का कड़ाई से पालन हो। उन्होंने पृथक्करण, संग्रहण, परिवहन और निस्तारण की व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया।
पीएचसी, सीएचसी और जिला अस्पतालों के उन्नयन पर फोकस
बैठक में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और जिला चिकित्सालयों के उन्नयन से संबंधित प्रस्तावों की भी समीक्षा की गई। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की सुलभता और गुणवत्ता में सुधार शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने उन्नयन प्रस्तावों को व्यावहारिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार कर समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वीकृति से जुड़े प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने ऐसे सभी विषयों और प्रस्तावों, जिनके लिए सक्षम समिति या मंत्रि-परिषद की स्वीकृति आवश्यक है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र अग्रेषित करने के निर्देश दिए, ताकि निर्णय प्रक्रिया में विलंब न हो और योजनाओं का लाभ आमजन तक समय पर पहुंच सके।
वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा संदीप यादव तथा आयुक्त तरुण राठी सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




