IPL स्टार अभिषेक पोरेल पर गंभीर आरोप: शादी का झांसा देकर शोषण का दावा, मेडिकल छात्रा ने दर्ज कराई FIR
दिल्ली कैपिटल्स के स्टार क्रिकेटर अभिषेक पोरेल पर शादी का झांसा देकर शोषण करने का गंभीर आरोप लगा है। कर्नाटक की एक मेडिकल छात्रा ने हुगली के मोगरा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। जानिए क्या है पूरा मामला।
नई दिल्ली / हुगली. दिल्ली कैपिटल्स (DC) के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिषेक पोरेल एक बड़े विवाद में फंस गए हैं। आईपीएल में अपनी धाकड़ बल्लेबाजी से पहचान बनाने वाले पश्चिम बंगाल के इस 23 वर्षीय क्रिकेटर पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगा है। कर्नाटक की एक मेडिकल छात्रा ने पोरेल के खिलाफ हुगली जिले के मोगरा पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक बेंगलुरु में मौजूद अभिषेक पोरेल ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें गलत बताया है।
3 साल का रिलेशनशिप और पुलिस तक पहुंचा मामला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता युवती पिछले तीन साल से अभिषेक पोरेल के साथ रिलेशनशिप में थी। दोनों ने आगे चलकर शादी करने का फैसला भी कर लिया था। लेकिन पिछले डेढ़ साल से उनके रिश्ते में दरार आने लगी और विवाद बढ़ता चला गया।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी यह मामला एक बार पुलिस स्टेशन तक पहुंचा था, लेकिन तब कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। इस बार पीड़िता ने अपनी मां के साथ मोगरा पुलिस स्टेशन पहुंचकर क्रिकेटर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई है।
पुलिस कप्तान पहुंचे थाने, जांच हुई तेज
मामला हाई-प्रोफाइल होने के कारण हुगली (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक कुंवर भूषण सिंह ने खुद मोगरा पुलिस स्टेशन का दौरा किया। उन्होंने इंस्पेक्टर-इन-चार्ज सौमेन बिस्वास और डीएसपी (क्राइम) अभिजीत सिंह महापात्रा के साथ इस केस पर लंबी चर्चा की। पुलिस ने साफ किया है कि शिकायत के आधार पर मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली कैपिटल्स के भरोसेमंद खिलाड़ी हैं अभिषेक पोरेल
अभिषेक पोरेल को आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स ने ऋषभ पंत के रिप्लेसमेंट के तौर पर मौका दिया था। शुरुआती सीजन में भले ही उनका बल्ला खामोश रहा, लेकिन फ्रेंचाइजी ने उन पर भरोसा बनाए रखा। हालिया सीजंस में उन्होंने शानदार खेल दिखाते हुए टीम में अपनी जगह पक्की की।
अभिषेक पोरेल का क्रिकेट करियर:
- IPL: 35 मैचों में 25.63 की औसत से 769 रन (4 अर्धशतक)
- लिस्ट-ए: 23 मुकाबलों में 43.84 की औसत से 833 रन
- टी20 क्रिकेट: 61 मैचों में 30 की औसत से 1,590 रन




