छत्तीसगढ़ के युवा राष्ट्रीय पटल पर: बालोद जंबूरी में GPM जिले का 70 सदस्यीय प्रतिनिधित्व
जीपीएम जिले से 70 सदस्यीय दल प्रथम नेशनल रोवर-रेंजर जंबूरी में भाग लेने बालोद के ग्राम दुधली रवाना। देशभर से 10 हजार रोवर-रेंजर करेंगे सहभागिता।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही. प्रथम नेशनल रोवर-रेंजर जंबूरी में सहभागिता हेतु गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले से 70 सदस्यीय दल रवाना हो गया है। यह जंबूरी छत्तीसगढ़ के ग्राम दुधली में आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर से लगभग 10 हजार रोवर-रेंजर भाग ले रहे हैं।
दल को विदा करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और अनुशासन, सेवा भावना एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
29 रोवर और 29 रेंजर की सहभागिता
इस अवसर पर जीपीएम जिले से कुल 29 रोवर, 29 रेंजर एवं प्रभारी दल के सदस्यों को औपचारिक रूप से विदा किया गया। राज्य स्तर पर जिला प्रभारी के रूप में डीओसी स्काउट डॉ. एश्ले केनेथ डगलस एवं डीओसी गाइड अर्चना सैमुअल मसीह के नेतृत्व में जिले की टीम जंबूरी में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के उद्देश्य से रवाना हुई है।
अनुभवी प्रभारियों के मार्गदर्शन में दल
जिले से दल के प्रभारियों में राम कृष्ण कश्यप, विजय तिवारी, संगीता कैवर्त, गायित्री लहरे, मीनू देवांगन एवं प्रियंका विश्वकर्मा शामिल हैं। सभी के मार्गदर्शन में दल उत्साह और अनुशासन के साथ ग्राम दुधली के लिए प्रस्थान कर गया।
शिक्षा विभाग और स्काउट-गाइड परिवार ने दी शुभकामनाएं
जिले के भारत स्काउट्स एवं गाइड्स परिवार एवं शिक्षा विभाग ने दल की सफल सहभागिता की कामना करते हुए सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभेच्छाएं प्रेषित की हैं।




