छत्तीसगढ़

श्रद्धा और आस्था का संदेश: हनुमंत कथा के चौथे दिवस पं. धीरेंद्र शास्त्री से आशीर्वाद लेते उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा

रायपुर के जयंती स्टेडियम में हनुमंत कथा के चौथे दिन उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बागेश्वर धाम के पं. धीरेंद्र शास्त्री से आशीर्वाद लिया। समाजिक समरसता, सनातन संस्कृति और नक्सलवाद पर रखे विचार।

रायपुर. जयंती स्टेडियम में आयोजित पांच दिवसीय हनुमंत कथा के चौथे दिवस रविवार को पं. धीरेंद्र शास्त्री की कथा में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री शर्मा ने व्यासपीठ की आरती में भाग लिया और आशीर्वाद प्राप्त किया।

विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति

इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, राजनांदगांव सांसद संतोष पाण्डेय तथा पूर्व सांसद सुसरोज पाण्डेय भी उपस्थित रहे।

समाज में समरसता और सकारात्मक संदेश

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पावन धरती और राज्य सरकार की ओर से वे पं. धीरेंद्र शास्त्री महाराज के चरणों में नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि महाराज के छत्तीसगढ़ आगमन से समाज में सकारात्मक संवाद और चेतना का संचार होता है। अपने अनुभव साझा करते हुए शर्मा ने कहा कि महाराज के कार्यक्रमों में उन्होंने समाज से ऊंच-नीच के भेदभाव को दूर करने के निरंतर प्रयास देखे हैं।

सनातन संस्कृति के लिए सराहनीय प्रयास

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पं. धीरेंद्र शास्त्री समाज में समरसता, एकता और राष्ट्र को साथ लेकर आगे बढ़ने के लिए कार्य कर रहे हैं। सनातन संस्कृति की प्रतिष्ठा और जन-जागरूकता के लिए उनके प्रयास प्रशंसनीय हैं। उन्होंने कहा कि लाखों-करोड़ों श्रद्धालुओं की भावना है कि महाराज का छत्तीसगढ़ में बार-बार आगमन हो और मार्गदर्शन मिलता रहे।

नक्सलवाद पर भी रखा विचार

नक्सलवाद के मुद्दे पर बोलते हुए उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के समापन के लिए राज्य सरकार सतत प्रयासरत है। इस दिशा में महाराज की चिंता और मार्गदर्शन को उन्होंने महत्वपूर्ण बताया और भविष्य में पुनः महाराज के छत्तीसगढ़ आगमन की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button