सर्दियों की स्मार्ट केयर: ऊनी कपड़ों को रखें हमेशा खुश
सर्दियों में ऊनी कपड़ों की सही देखभाल कैसे करें? जानिए स्वेटर, जैकेट और कोट को लंबे समय तक नया और गर्म रखने के आसान और असरदार टिप्स।
नई दिल्ली. ठंड के मौसम में सिर्फ हमारी त्वचा और सेहत को ही नहीं, बल्कि ऊनी कपड़ों को भी अतिरिक्त देखभाल की जरूरत होती है। सही तरीके से रखरखाव किया जाए तो ऊनी कपड़े न केवल ज़्यादा गर्माहट देते हैं, बल्कि लंबे समय तक नए जैसे बने रहते हैं। यहां जानिए ऊनी कपड़ों की सही देखभाल के आसान और असरदार तरीके।
नियमित सफाई से रहें बैक्टीरिया से दूर
ऊनी कपड़ों की ओर धूल-मिट्टी और बैक्टीरिया जल्दी आकर्षित होते हैं। इसलिए जैकेट और कोट को नियमित अंतराल पर सॉफ्ट ब्रश से साफ करें। इससे कपड़े साफ रहेंगे और स्किन एलर्जी या रैशेज का खतरा भी कम होगा।
धूप दिखाएं, पर संभलकर
ऊनी कपड़ों को बीच-बीच में हल्की धूप में जरूर सुखाएं, लेकिन ध्यान रखें कि तेज धूप सीधे कपड़ों पर न पड़े। तेज धूप से कपड़े बदरंग हो सकते हैं। हल्की धूप से नमी दूर होती है और कीटाणु भी खत्म होते हैं, जिससे कपड़े ज्यादा गर्माहट देते हैं।
भारी स्वेटर को हैंगर पर न टांगें
भारी-भरकम स्वेटर को वॉर्डरोब में टांगने से उनकी फिटिंग खराब हो जाती है और कंधे वाले हिस्से के फटने की आशंका बढ़ जाती है। बेहतर है कि स्वेटर को मोड़कर शेल्फ में रखें।
सही डिटर्जेंट और गुनगुना पानी
ऊनी कपड़े बेहद नाजुक होते हैं। इन्हें धोते समय हमेशा माइल्ड साबुन या ऊन के लिए बने डिटर्जेंट और गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें। इससे कपड़ों की चमक, रंग और वास्तविक लुक लंबे समय तक बरकरार रहता है।
रोंए हटाकर दें नया लुक
स्वेटर और कार्डिगन में अक्सर रगड़ के कारण रोंए आ जाते हैं। ये कपड़ों को पुराना लुक देते हैं। छोटे रेजर या लिंट रिमूवर से इन्हें सावधानी से हटाएं और स्वेटर को फिर से नया जैसा बनाएं।
ब्लीच से बनाएं दूरी
स्वेटर पर दाग हटाने के लिए कभी भी ब्लीच का इस्तेमाल न करें। ब्लीच से कपड़ा बदरंग हो सकता है। ऐसे डिटर्जेंट से भी बचें, जिनमें ब्लीच मिला हो।
एक ही स्वेटर रोज़-रोज़ न पहनें
एक ही स्वेटर को लगातार तीन दिन से ज्यादा पहनने से उसका शेप बिगड़ जाता है और वह जल्दी पुराना लगने लगता है। स्वेटर को रोटेशन में पहनें।
हाथ से धोना है सबसे बेहतर
ऊनी कपड़ों को हमेशा हाथ से धोना चाहिए। साथ ही उन्हीं डिटर्जेंट का उपयोग करें, जो खासतौर पर ऊनी कपड़ों के लिए बनाए गए हों।
आयरन करने का सही तरीका
ऊनी कपड़ों में कभी भी पूरी तरह सूखने के बाद आयरन न करें। हल्के गीले कपड़े पर स्टीम आयरन का इस्तेमाल करें और हमेशा कपड़े को उल्टा करके ही प्रेस करें।




