देश

लपटों के बीच जिंदगी की जीत: मुंबई में हाईराइज आग से 40 का रेस्क्यू

मुंबई के अंधेरी वेस्ट में वीरा देसाई रोड स्थित 23 मंजिला सोरेंटो टावर में आग लगने से हड़कंप। दमकल कर्मियों ने 40 लोगों को सुरक्षित निकाला, कोई हताहत नहीं। जांच जारी।

नई दिल्ली. गुरुवार सुबह मुंबई के अंधेरी वेस्ट इलाके में एक 23 मंजिला आवासीय इमारत में आग लगने से हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि दमकल कर्मियों ने समय रहते कार्रवाई करते हुए इमारत में फंसे करीब 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

वीरा देसाई रोड स्थित सोरेंटो टावर में लगी आग

अधिकारियों के अनुसार, वीरा देसाई रोड पर कंट्री क्लब के पास स्थित सोरेंटो टावर में सुबह करीब 10 बजे आग लगी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया।

रिफ्यूज एरिया से सीढ़ियों के जरिए रेस्क्यू

एक सिविक अधिकारी ने बताया कि 16वीं मंजिल के रिफ्यूज एरिया से सीढ़ियों के माध्यम से 30 से 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके अलावा, एक महिला समेत तीन अन्य लोगों को ब्रीदिंग अपैरेटस की मदद से 15वीं मंजिल के एक फ्लैट से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

इलेक्ट्रिकल शाफ्ट और फर्नीचर को नुकसान

अधिकारियों के मुताबिक, आग से 10वीं और 21वीं मंजिल के बीच स्थित इलेक्ट्रिकल शाफ्ट में वायरिंग, राउटर और अन्य उपकरण प्रभावित हुए। अलग-अलग मंजिलों पर डक्ट के पास रखे लकड़ी के फर्नीचर को भी नुकसान पहुंचा है।

चार दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

दमकल विभाग ने कम से कम चार फायर इंजन और अन्य उपकरणों की मदद से सुबह 11:37 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button