खेल

क्रिकेट फैंस को झटका— कमिंस एशेज से आउट, टी20 विश्व कप 2026 पर सस्पेंस

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस पूरी एशेज सीरीज से बाहर हो गए हैं। हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने पुष्टि की, टी20 विश्व कप 2026 में खेलने पर भी सस्पेंस बना हुआ है।

मेलबर्न. ऑस्ट्रेलिया द्वारा मेलबर्न टेस्ट के लिए घोषित टीम से बाहर रहे कप्तान पैट कमिंस अब पूरी एशेज सीरीज से बाहर हो गए हैं। इतना ही नहीं, उनका टी20 विश्व कप 2026 में खेलना भी फिलहाल अनिश्चित नजर आ रहा है। मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया के हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने कमिंस के एशेज सीरीज के तीसरे और चौथे टेस्ट से बाहर होने की आधिकारिक पुष्टि की।

‘कमिंस को और जोखिम में नहीं डालना चाहते’ : मैकडोनाल्ड

मेलबर्न में पत्रकारों से बात करते हुए मैकडोनाल्ड ने कहा, “वह बाकी सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। उनकी वापसी को लेकर हम काफी समय से चर्चा कर रहे थे और कुछ जोखिम भी ले रहे थे। अब हम सीरीज जीत चुके हैं और यही हमारा लक्ष्य था। उन्हें और खतरे में डालना, खासकर लंबे समय के लिए, हम नहीं चाहते। पैट भी इससे सहमत हैं।”

एशेज जीत में कमिंस की भूमिका को सराहा

हेड कोच ने कहा कि कमिंस की वापसी का श्रेय मेडिकल टीम और खुद खिलाड़ी को जाता है। उन्होंने कहा, “उन्हें वापस लाना, उस मैच में छह विकेट लेना और एशेज सीरीज जीतने का मौका मिलना—यह इससे जुड़े सभी लोगों के लिए खुशी की बात रही।”

टी20 वर्ल्ड कप 2026 पर अभी फैसला बाकी

कमिंस के टी20 विश्व कप खेलने की संभावना पर मैकडोनाल्ड ने कहा कि अभी कुछ भी निश्चित नहीं है। “हमें उम्मीद जरूर है, लेकिन फिलहाल मैं कुछ पुख्ता नहीं कह सकता। फरवरी में शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप से पहले उनकी पीठ की जांच होगी। उसके बाद ही अंतिम फैसला लिया जाएगा। अभी स्थिति काफी गंभीर है।”

पीठ की चोट बनी बड़ी चिंता

एडिलेड टेस्ट के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुद पैट कमिंस ने संकेत दिए थे कि पीठ की मौजूदा समस्या को मैनेज करने के लिए उन्हें आराम दिया जा सकता है। यदि कमिंस टी20 विश्व कप 2026 के लिए उपलब्ध नहीं होते हैं, तो यह ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के लिए एक बड़ा झटका साबित हो सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button