हवा सुधार की पहल: 386 प्रदूषणकारी इकाइयों पर कार्रवाई, सिरसा का ऐलान
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि प्रदूषण मुक्त दिल्ली के लिए सरकार सख्त कदम उठा रही है। एमसीडी सर्वे में दोषी पाई गईं 386 प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों को सील किया गया।
नई दिल्ली. दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा है कि प्रदूषण मुक्त दिल्ली के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि मौजूदा कार्यकाल में अब तक प्रदूषण फैलाने वाली 386 औद्योगिक इकाइयों को सील किया जा चुका है।
एमसीडी के 12 जोनों में 5236 फैक्ट्रियों का सर्वे
रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए मंत्री सिरसा ने जानकारी दी कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 12 जोनों में कुल 5236 फैक्ट्रियों का सर्वे कराया गया। सर्वे के दौरान 430 इकाइयों को जल और वायु प्रदूषण फैलाने का दोषी पाया गया, जिनमें से नियमों का उल्लंघन करने वाली 386 इकाइयों को मौके पर ही सील कर दिया गया।
प्रदूषण फैलाने वालों पर सख्ती
पर्यावरण मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि दिल्ली की हवा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इसी कारण सरकार द्वारा लगातार सघन निगरानी और सख्त कार्रवाई की जा रही है, ताकि राजधानी की वायु गुणवत्ता में सुधार लाया जा सके।
ग्रीन दिल्ली ऐप पर दें शिकायत
सिरसा ने आम नागरिकों से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई फैक्ट्री नियमों का उल्लंघन कर प्रदूषण फैला रही है, तो उसकी जानकारी ग्रीन दिल्ली ऐप के माध्यम से दें। उन्होंने कहा कि जनता की भागीदारी से ही प्रदूषण के खिलाफ इस लड़ाई को और प्रभावी बनाया जा सकता है।




