सोना-चांदी दोनों चमके: चांदी में 7,418 रुपये की उछाल, सोना 1,35,089 के पार
सोना-चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी, एमसीएक्स पर चांदी ने 2,05,665 रुपये प्रति किलो का ऑल टाइम हाई बनाया, सोना भी रिकॉर्ड स्तर के करीब।

नई दिल्ली. बुधवार को सोने और चांदी के वायदा कारोबार में जोरदार तेजी देखने को मिली। घरेलू बाजार से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक दोनों कीमती धातुएं मजबूती के साथ खुलीं। चांदी के वायदा भाव ने नया इतिहास रचते हुए ऑल टाइम हाई बनाया, जबकि सोना भी अपने रिकॉर्ड स्तरों के आसपास कारोबार करता नजर आया।
एमसीएक्स पर सोने की मजबूत शुरुआत
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का बेंचमार्क फरवरी कॉन्ट्रैक्ट 670 रुपये की तेजी के साथ 1,35,079 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। पिछला बंद भाव 1,34,409 रुपये था।
कारोबार के दौरान सोना 680 रुपये की बढ़त के साथ 1,35,089 रुपये पर ट्रेड करता दिखा। दिन में सोने ने 1,35,150 रुपये का उच्च और 1,35,001 रुपये का निचला स्तर छुआ। इससे पहले सोना 1,35,263 रुपये का सर्वोच्च स्तर बना चुका है।
चांदी ने छुआ नया शिखर
एमसीएक्स पर चांदी का बेंचमार्क मार्च कॉन्ट्रैक्ट 1,446 रुपये की तेजी के साथ 1,99,201 रुपये प्रति किलो पर खुला। पिछला बंद भाव 1,97,755 रुपये था।
कारोबार के दौरान चांदी में जबरदस्त उछाल देखने को मिला और यह 7,418 रुपये की तेजी के साथ 2,05,173 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। दिन के कारोबार में चांदी ने 2,05,665 रुपये प्रति किलो का स्तर छूकर ऑल टाइम हाई बना दिया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी तेजी का रुख
- अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने-चांदी के वायदा भाव मजबूती के साथ कारोबार कर रहे हैं।
- कॉमेक्स पर सोना 4,333.50 डॉलर प्रति औंस पर खुला और खबर लिखे जाने तक 14.30 डॉलर की तेजी के साथ 4,346.60 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। इस साल सोना 4,398 डॉलर प्रति औंस का उच्चतम स्तर छू चुका है।
- कॉमेक्स पर चांदी 63.79 डॉलर प्रति औंस पर खुली और कारोबार के दौरान 66.27 डॉलर प्रति औंस का ऑल टाइम हाई बना लिया।
मजबूत निवेश मांग से कायम है तेजी
विशेषज्ञों के मुताबिक निवेशकों की मजबूत मांग और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच सुरक्षित निवेश की बढ़ती प्रवृत्ति के कारण कीमती धातुओं में यह तेजी बनी हुई है। आने वाले सत्रों में भी सोना-चांदी ऊंचे स्तरों पर बने रह सकते हैं।




