विदेश

प्रोटोकॉल से परे दोस्ती: क्राउन प्रिंस ने पीएम मोदी को खुद कार चलाकर ले गए म्यूजियम

जॉर्डन दौरे पर पीएम मोदी को क्राउन प्रिंस अल हुसैन ने खुद ड्राइव कर जॉर्डन म्यूजियम पहुंचाया। भारत-जॉर्डन ने व्यापार, डिजिटल पेमेंट, अक्षय ऊर्जा, जल प्रबंधन और संस्कृति में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।

अम्मान/नई दिल्ली. जॉर्डन दौरे के दौरान एक खास और आत्मीय क्षण देखने को मिला, जब क्राउन प्रिंस अल हुसैन बिन अब्दुल्ला II ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपनी गाड़ी में बैठाकर जॉर्डन म्यूजियम तक पहुंचाया। क्राउन प्रिंस पैगंबर मोहम्मद की 42वीं पीढ़ी के वंशज माने जाते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए लिखा, “महामहिम रॉयल क्राउन प्रिंस अल-हुसैन बिन अब्दुल्ला II के साथ द जॉर्डन म्यूजियम जाते हुए।”

जॉर्डन म्यूजियम: 15 लाख वर्षों की सभ्यता की कहानी

जॉर्डन म्यूजियम का उद्देश्य देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना और उसे दुनिया के सामने प्रस्तुत करना है। यह संग्रहालय केवल प्रदर्शनी स्थल नहीं, बल्कि एक आधुनिक लर्निंग सेंटर भी है।

म्यूजियम की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यहां गैलरी प्रदर्शनों से लेकर संरक्षण और शैक्षिक कार्यक्रमों तक सभी सेक्शन को नियमित रूप से अपडेट किया जाता है। यह संग्रहालय जॉर्डन के इतिहास और पुरातत्व से जुड़ी करीब 15 लाख वर्षों की मानव नवाचार यात्रा को दर्शाता है।

भारत-जॉर्डन संबंधों को मिला नया विस्तार

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी जॉर्डन यात्रा के नतीजों को साझा करते हुए कहा कि यह दौरा भारत और जॉर्डन के बीच साझेदारी का “एक सार्थक विस्तार” है।

प्रधानमंत्री ने सोमवार को अल हुसैनिया पैलेस में जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला II से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाकर 5 अरब अमेरिकी डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य तय करने पर सहमति जताई।

यूपीआई और डिजिटल भुगतान में सहयोग का प्रस्ताव

प्रधानमंत्री मोदी ने जॉर्डन के डिजिटल भुगतान सिस्टम और भारत के यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) के बीच सहयोग बढ़ाने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत के डिजिटल अनुभव साझा करने से जॉर्डन के डिजिटलीकरण को गति मिलेगी।

कई अहम क्षेत्रों में समझौता ज्ञापन

इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में समझौता ज्ञापनों (MoUs) को अंतिम रूप दिया गया। इनमें शामिल हैं—

  • संस्कृति
  • अक्षय और नई ऊर्जा
  • जल प्रबंधन
  • डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर
  • पेट्रा (जॉर्डन) और एलोरा (भारत) के बीच ट्विनिंग व्यवस्था

पीएम मोदी: स्वच्छ विकास और जल सुरक्षा के लिए साझा प्रतिबद्धता

एक्स पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “ये नतीजे भारत-जॉर्डन साझेदारी का एक सार्थक विस्तार हैं। नई और अक्षय ऊर्जा में सहयोग स्वच्छ विकास, ऊर्जा सुरक्षा और जलवायु जिम्मेदारी के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”

उन्होंने आगे कहा कि जल संसाधन प्रबंधन में सहयोग से संरक्षण, दक्षता और तकनीकी नवाचार में सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने में मदद मिलेगी, जिससे दीर्घकालिक जल सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

पेट्रा-एलोरा ट्विनिंग से बढ़ेगा पर्यटन और अकादमिक सहयोग

प्रधानमंत्री ने बताया कि पेट्रा और एलोरा के बीच ट्विनिंग समझौता विरासत संरक्षण, पर्यटन विकास और अकादमिक आदान-प्रदान के नए अवसर खोलेगा। इसके साथ ही सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम (2025–2029) के नवीनीकरण से दोनों देशों के लोगों के बीच संबंध और गहरे होंगे।

क्षेत्रीय शांति और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा

मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय घटनाक्रमों और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया। उन्होंने पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता बहाल करने के महत्व को दोहराया। प्रधानमंत्री मोदी ने क्षेत्र में स्थायी शांति के प्रयासों के लिए भारत के समर्थन को दोहराया।

तीन देशों के दौरे की शुरुआत

प्रधानमंत्री मोदी सोमवार दोपहर अम्मान पहुंचे, जहां से उन्होंने अपने तीन देशों के दौरे की शुरुआत की। इस दौरे में इथियोपिया और ओमान भी शामिल हैं—ये सभी देश भारत के साथ प्राचीन सभ्यतागत संबंधों और मजबूत समकालीन द्विपक्षीय रिश्तों से जुड़े हैं।

पीएम मोदी का भव्य स्वागत, पहली पूर्ण द्विपक्षीय यात्रा

एक विशेष कदम के तहत जॉर्डन के प्रधानमंत्री जाफर हसन ने एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। पीएम मोदी किंग अब्दुल्ला II इब्न अल हुसैन के निमंत्रण पर दो दिवसीय दौरे पर जॉर्डन पहुंचे हैं।

यह प्रधानमंत्री मोदी की जॉर्डन की पहली पूर्ण द्विपक्षीय यात्रा है। इससे पहले वह फरवरी 2018 में फिलिस्तीन यात्रा के दौरान जॉर्डन से होकर गुजरे थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button