महिला क्रिकेट को बड़ी सौगात: प्रदेश की तीन खिलाड़ियों को ₹25-25 लाख की प्रोत्साहन राशि — CM डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से शनिवार को ब्लाइंड विमेंस टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 का फाइनल जीतने वाली भारतीय टीम में शामिल मध्यप्रदेश की तीन महिला खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में सौजन्य भेंट की।
भोपाल. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से शनिवार को ब्लाइंड विमेंस टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 का फाइनल जीतने वाली भारतीय टीम में शामिल मध्यप्रदेश की तीन महिला खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में सौजन्य भेंट की। इन खिलाड़ियों में सुनीता सराठे, सुषमा पटेल और दुर्गा येवले शामिल रहीं।
खिलाड़ियों को 25-25 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर तीनों खिलाड़ियों को 25-25 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इसमें 10-10 लाख रुपये नगद और 15-15 लाख रुपये फिक्स्ड डिपॉजिट के रूप में दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को ट्रॉफी और अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया।
पढ़ाई और कोचिंग की जिम्मेदारी भी सरकार उठाएगी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश का नाम रोशन करने वाली इन तीनों खिलाड़ियों की आगामी पढ़ाई, प्रशिक्षण और कोचिंग की व्यवस्था भी राज्य सरकार द्वारा की जाएगी, ताकि वे भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
कोचों को भी मिला सम्मान और प्रोत्साहन
महिला खिलाड़ियों के कोच सर्व सोनु गोलकर, ओमप्रकाश पाल और दीपक पाहड़े को मुख्यमंत्री ने एक-एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे कोचों की मेहनत और मार्गदर्शन का अहम योगदान है।
नेपाल को हराकर रचा था इतिहास
उल्लेखनीय है कि भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल मुकाबले में नेपाल को हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। इस विजेता टीम में मध्यप्रदेश की ये तीनों प्रतिभावान खिलाड़ी शामिल थीं।
मध्यप्रदेश की तीन चमकती प्रतिभाएं
- सुनीता सराठे (नर्मदापुरम) – ऑलराउंडर
- सुषमा पटेल (दमोह) – ऑलराउंडर
- दुर्गा येवले (बैतूल) – बल्लेबाज एवं विकेटकीपर
- इन खिलाड़ियों की सफलता ने न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया है।




