उज्जैन में मोहर्रम जुलूस के दौरान बवाल: क्रेन पर 40 फीट हवा में लटकाई वैन, फिर धमाके से उड़ाया; VIDEO वायरल
मध्य प्रदेश के उज्जैन (बड़नगर) में मोहर्रम जुलूस के दौरान क्रेन से 40 फीट ऊपर लटकाई गई वैन को विस्फोट से उड़ाने का वीडियो वायरल हुआ है। घटना को लेकर संतों और हिंदू संगठनों ने कड़ा विरोध जताया है। पुलिस जांच में जुटी।

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिला अंतर्गत बड़नगर से एक बेहद हैरान और डराने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यहाँ अडान मोहल्ले में मोहर्रम के जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस परमिशन की धज्जियां उड़ाते हुए एक जानलेवा स्टंट को अंजाम दिया गया। जुलूस में शामिल कुछ लोगों ने भारी भीड़ के बीच क्रेन की मदद से एक टाटा मैजिक वैन को करीब 40 फीट हवा में लटकाया। वैन पर दो युवक लाल झंडे लहराते रहे और फिर अचानक एक जोरदार धमाके के साथ कार को हवा में ही उड़ा दिया गया। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में तनाव और सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है।
वैन पर लिखा था ‘ले फिर आ गए’, आपत्तिजनक पोस्टर्स पर भी बवाल
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जिस वैन को हवा में उड़ाया गया, उस पर “ले फिर आ गए” लिखा हुआ था। हिंदू जागरण मंच के रितेश माहेश्वरी ने आरोप लगाया कि वैन पर कई आपत्तिजनक पोस्टर भी चस्पा थे। यह पूरा स्टंट ‘शेरे अडान अखाड़ा’ के बैनर तले भारी भीड़ जुटाकर किया गया। घटना के बाद ‘परवेज एडिट्स_2.0’ नामक इंस्टाग्राम आईडी से इस ब्लास्ट और अन्य खतरनाक करतबों के वीडियो रील बनाकर पोस्ट किए गए, जिससे विवाद और बढ़ गया।
संतों और हिंदूवादी संगठनों में भारी आक्रोश
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद हरिद्वार के प्रसिद्ध संत स्वामी शिवानंद गिरी ने सोशल मीडिया पर तीखी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने जिला प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए सवाल उठाया, “उज्जैन में जब त्योहारों पर दही-हांडी और सामान्य पटाखों तक पर प्रतिबंध लगा दिया जाता है, तो फिर धार्मिक आयोजन के नाम पर बीच शहर में गाड़ी को विस्फोट से उड़ाने जैसी गंभीर गतिविधि की अनुमति कैसे मिल गई? यह एक डराने वाला संदेश देने की कोशिश की गई है।”
इसके साथ ही सकल हिंदू समाज और हिंदू जागरण मंच ने जिला प्रशासन से मांग की है कि स्थिति स्पष्ट की जाए कि क्या इस खतरनाक कृत्य के लिए कोई आधिकारिक अनुमति ली गई थी या नहीं।
पुलिस ने क्या कहा? कार्रवाई की तैयारी तेज
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बड़नगर थाना प्रभारी (TI) कमलेश सिंगार ने बताया कि वीडियो पुलिस के संज्ञान में आ चुका है। पुलिस अब इस बात की बारीकी से जांच कर रही है कि हवा में कार उड़ाने के लिए किस तरह की विस्फोटक सामग्री (Explosives) का इस्तेमाल किया गया था।
टीआई सिंगार के मुताबिक, आयोजकों को चिन्हित कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आते ही दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




