सीएम योगी से मिले भाकियू प्रवक्ता, सकारात्मक वार्ता के लिए जताया धन्यवाद
गंगा सहकारी चीनी मिल मोरना के आधुनिकीकरण के लिए 262 करोड़ की स्वीकृति पर भाकियू (अराजनैतिक) के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर आभार जताया।

लखनऊ. भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने द गंगा सहकारी चीनी मिल, मोरना (मुजफ्फरनगर) के आधुनिकीकरण एवं विस्तार के लिए 261.91 करोड़ रुपये की परियोजना को स्वीकृति दिए जाने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
पेराई क्षमता बढ़ाने का ऐतिहासिक फैसला
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान धर्मेंद्र मलिक ने कहा कि आपकी अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश कैबिनेट द्वारा द गंगा सहकारी चीनी मिल के आधुनिकीकरण एवं क्षमता विस्तार का निर्णय पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों और चीनी उद्योग के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में मिल की पेराई क्षमता 2500 टीसीडी से बढ़ाकर 3500 टीसीडी की जाएगी, जबकि भविष्य में इसे 5000 टीसीडी तक ले जाने की योजना है। इसके लिए लगभग 262 करोड़ रुपये की परियोजना को स्वीकृति दी गई है।
किसानों की आय और समयबद्ध भुगतान को मिलेगा लाभ
मलिक ने कहा कि यह निर्णय सरकार की किसानों की आय बढ़ाने, समय पर गन्ना भुगतान सुनिश्चित करने और आधुनिक कृषि-आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। पेराई क्षमता बढ़ने से न केवल गन्ने की त्वरित पेराई संभव होगी, बल्कि किसानों को समय पर भुगतान भी सुनिश्चित होगा।
रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा
उन्होंने कहा कि यह परियोजना मोरना क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए लाभकारी सिद्ध होगी। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। साथ ही, आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल तकनीक को भी बढ़ावा मिलेगा।
गन्ना क्षेत्र की निरंतर प्रगति की उम्मीद
धर्मेंद्र मलिक ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा समयबद्ध गन्ना मूल्य भुगतान, चीनी मिलों के आधुनिकीकरण, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, ग्रामीण अधोसंरचना के विकास और किसान-कल्याणकारी योजनाओं की सराहना की। उन्होंने आशा जताई कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का गन्ना क्षेत्र निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा।




