शिव-विवाह की धूम! उज्जैन में नौ रूपों में विराजेंगे बाबा महाकाल, तैयारियां तेज
महाशिवरात्रि से पहले उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में 9 दिवसीय उत्सव की भव्य तैयारियां शुरू। 6 से 15 फरवरी तक नौ स्वरूपों में दर्शन, विशेष पूजा और सेहरा दर्शन का आयोजन।

महाशिवरात्रि में अब कुछ ही दिन शेष रह गए हैं। शिव–पार्वती विवाह के इस महापर्व को लेकर उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मंदिर की दीवारों से लेकर शिखर तक रंग-रोगन और सजावट का कार्य चल रहा है।
इस वर्ष 6 फरवरी से मंदिर में 9 दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव की शुरुआत होगी, जो 15 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान बाबा महाकाल भक्तों को नौ अलग-अलग स्वरूपों में दर्शन देंगे।
9 दिनों तक चलेगा महाशिवरात्रि महोत्सव
बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में महाशिवरात्रि का पर्व परंपरागत रूप से नौ दिनों तक मनाया जाता है। इन नौ दिनों में प्रतिदिन रुद्राभिषेक, 24 घंटे निराकार स्वरूप में दर्शन, जलधारी अर्पण, रात्रिकालीन स्नान एवं वस्त्र धारण जैसे विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। इस दौरान मंदिर परिसर में नौ अलग-अलग विग्रहों की स्थापना कर पूजा-अर्चना की जाएगी। पूजा-पद्धति नवरात्रि के नौ दिनों की तरह होगी, जिसमें श्रद्धालु नियमित दर्शन कर सकेंगे।
हर दिन बदलेगा बाबा का श्रृंगार
महाकाल मंदिर के पुजारी पं. महेश शर्मा ने बताया कि—
- पहले दिन बाबा को दुशाला ओढ़ाकर विशेष श्रृंगार किया जाएगा।
- दूसरे दिन बाबा शेषनाग धारण करेंगे।
- तीसरे दिन घटाघटा की स्थापना होगी, जो शिवलिंग के समान मानी जाती है।
- चौथे दिन छवि दर्शन होंगे।
- पांचवें दिन बाबा को मन-महेश, उमा महेश, शिव तांडव और होलकर स्वरूप में सजाया जाएगा।
महाशिवरात्रि पर ‘सेहरा दर्शन’ का विशेष आयोजन
15 फरवरी को महाशिवरात्रि के दिन जलधारी के साथ चारों पहर की पूजा और आरती संपन्न होगी। रात्रिकाल में स्नान के पश्चात बाबा महाकाल को दूल्हे के रूप में विशेष श्रृंगार कर सजाया जाएगा। इस विशेष श्रृंगार पूजा को ‘सेहरा दर्शन’ कहा जाता है, जिसके लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते हैं।
भजन-कीर्तन और भक्तों की सुविधाओं पर जोर
महोत्सव के दौरान नौ दिनों तक मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। बढ़ती भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। पुजारी पं. महेश शर्मा ने बताया कि गर्भगृह, मंदिर कुंडों की सफाई और रंग-रोगन का कार्य शुरू हो चुका है, जिसे 6 फरवरी से पहले पूर्ण करने का लक्ष्य है।
महापर्व 2026: प्रशासन ने किया व्यवस्थाओं का निरीक्षण
महाशिवरात्रि महापर्व 2026 के अवसर पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर एवं श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष रोशन कुमार सिंह ने श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर एवं श्री महाकाल लोक का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दर्शन मार्ग, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। साथ ही महाकाल लोक एवं मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेकर संबंधित एजेंसियों को समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
कई अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर मंदिर प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक, एडीएम अतेंद्र सिंह, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, मंदिर अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




