छत्तीसगढ़

जनता के लिए राहत की पहल: BJP मुख्यालय में ‘सहयोग केंद्र’ दोबारा शुरू, मंत्री श्यामबिहारी सुनेंगे शिकायतें

रायपुर में भाजपा का सहयोग केंद्र 3 फरवरी से फिर शुरू, अलग-अलग दिनों में मंत्री सुनेंगे कार्यकर्ताओं और आम जनता की समस्याएं, त्वरित समाधान का दावा।

रायपुर. प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एक बार फिर कार्यकर्ताओं और आम जनता की समस्याएं सुनने तथा उनके त्वरित निराकरण के उद्देश्य से पार्टी मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सहयोग केंद्र की शुरुआत करने जा रही है। करीब तीन महीने के अंतराल के बाद यह सहयोग केंद्र आज 3 फरवरी से दोबारा शुरू हो रहा है।

पहले दिन स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल रहेंगे मौजूद

भाजपा प्रदेश मीडिया विभाग के अनुसार, सहयोग केंद्र के पहले दिन प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल उपस्थित रहेंगे। मंत्री के आगमन से पहले दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों का पंजीयन किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक मंत्री सीधे तौर पर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देंगे। इस दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय भी मौजूद रहेंगे।

4 से 6 फरवरी तक अलग-अलग मंत्री करेंगे समस्याओं की सुनवाई

सहयोग केंद्र के कार्यक्रम के तहत

  • 4 फरवरी को पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल,
  • 5 फरवरी को श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन,
  • 6 फरवरी को खाद्य मंत्री दयालदास बघेल
  • कार्यकर्ताओं और आम जनता की समस्याएं सुनेंगे।
  • इन दिनों क्रमशः प्रदेश भाजपा महामंत्री अखिलेश सोनी, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन और प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रंजना साहू भी सहयोग केंद्र में उपस्थित रहेंगी।

2024 में हुई थी सहयोग केंद्र की पहली शुरुआत

गौरतलब है कि भाजपा सरकार के गठन के बाद वर्ष 2024 में पहली बार सहयोग केंद्र की शुरुआत की गई थी। हालांकि लोकसभा और नगरीय निकाय चुनावों के चलते यह व्यवस्था अधिक समय तक संचालित नहीं हो सकी। इसके बाद अक्टूबर 2025 में सहयोग केंद्र को दोबारा शुरू किया गया, जो करीब दो सप्ताह तक चला।

इस दौरान 11 मंत्रियों ने सहयोग केंद्र पहुंचकर समस्याएं सुनीं और एक हजार से अधिक आवेदन व शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से बड़ी संख्या में मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। दीपावली के बाद इसे बंद कर दिया गया था।

बजट सत्र के बीच संचालन को लेकर चुनौती

अब सहयोग केंद्र की शुरुआत ऐसे समय में हो रही है, जब भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजय जम्वाल ने आगामी तीन महीनों में प्रदेशव्यापी दौरे का निर्णय लिया है। वहीं, 23 फरवरी से विधानसभा का बजट सत्र शुरू होकर 20 मार्च तक चलने वाला है।

ऐसे में विधानसभा सत्र और मंत्रियों की व्यस्तताओं के कारण सहयोग केंद्र के निरंतर संचालन को लेकर चुनौतियां भी सामने आ सकती हैं। इसके बावजूद भाजपा संगठन का दावा है कि कार्यकर्ताओं और आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा और यथासंभव समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button