उत्तर प्रदेशराज्य

उद्यमिता को मिलेगा नया मंच, कौशल विकास को नई ताकत—मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ के लिए हर जिले में भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए। योजना से यूपी में रोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा।

लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में औद्योगिक विकास को रोजगार से सीधे जोड़ने के उद्देश्य से ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ के लिए सभी जनपदों में शीघ्र उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं। यह योजना उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर घोषित की गई थी।

सोमवार को आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की औद्योगिक नीति का लक्ष्य ऐसा सक्षम वातावरण तैयार करना है, जहां युवाओं को कौशल विकास, रोजगार और उद्यमिता के अवसर एक ही परिसर में उपलब्ध हो सकें।

उद्योग, कौशल और रोजगार को एक मंच पर लाने की पहल

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जोन उद्योग, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार और उद्योग-सहायता से जुड़े विभागों को एकीकृत रूप से उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ी पहल है। उन्होंने एमएसएमई, सेवा आधारित उद्योगों और नवाचार से जुड़े क्षेत्रों को बढ़ावा देने के लिए प्लग-एंड-प्ले यूनिट और फ्लैटेड फैक्ट्री जैसी आधुनिक सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया।

हर जिले में न्यूनतम 50 एकड़ में होगा विकास

बैठक में जानकारी दी गई कि योजना को चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के सभी जनपदों में लागू किया जाएगा। प्रत्येक जिले में न्यूनतम 50 एकड़ क्षेत्रफल में एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन विकसित किए जाएंगे। इन जोनों में—

  • कॉमन फैसिलिटी सेंटर
  • टेस्टिंग फैसिलिटी
  • डिस्प्ले एवं डिजाइन सेंटर
  • टूल रूम
  • ईटीपी/सीईटीपी
  • प्लग-एंड-प्ले यूनिट
  • फ्लैटेड फैक्ट्री जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

स्किल डेवलपमेंट सेंटर की भी होगी स्थापना

प्रस्तावित योजना के तहत ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड स्किल डेवलपमेंट सेंटर’ की स्थापना भी की जाएगी। इसमें प्रशिक्षण हॉल, कॉन्फ्रेंस रूम, एक्सटेंशन काउंटर और उद्योग-सहायता से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

युवाओं को मिलेगा रोजगार से लेकर उद्यमिता तक का अवसर

बैठक में बताया गया कि ऑपरेशनल मॉडल के अंतर्गत—

  • स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रशिक्षण
  • कौशल विकास कार्यक्रम
  • इंटर्नशिप और अप्रेंटिसशिप
  • संबंधित उद्योगों में वेतन आधारित रोजगार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन का बनेगा मॉडल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार, कौशल और उद्यमिता का एक सशक्त केंद्र बनेगा। उन्होंने अधिकारियों को संभावित स्थलों की जल्द पहचान कर परियोजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि यह योजना औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन का प्रभावी मॉडल बन सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button