सोशल मीडिया पर बहस: संजू सैमसन की पारी पर थरूर का बयान, ईशान किशन को मिला समर्थन
IND vs NZ: भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर टी20 सीरीज 4-1 से जीती। संजू सैमसन पर शशि थरूर का बयान, ईशान किशन की शतकीय पारी और अर्शदीप सिंह के पांच विकेट।

नई दिल्ली. टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज अपने नाम कर ली। आखिरी मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 46 रनों से हराकर सीरीज 4-1 से जीत ली। हालांकि, इस मुकाबले में लोकल स्टार और विकेटकीपर संजू सैमसन एक बार फिर असफल रहे। उनकी पारी को लेकर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने प्रतिक्रिया दी और कहा कि ऐसा लगता है कि इस समय सैमसन की किस्मत उनका साथ नहीं दे रही है।
संजू सैमसन पर शशि थरूर की प्रतिक्रिया
शशि थरूर ने कहा, “ऐसा लगता है कि उनकी किस्मत ही खराब चल रही है। लेकिन बाकी हमारे लिए—इस मैदान पर रिकॉर्ड स्कोर, पूरी सीरीज का रिकॉर्ड स्कोर, टी20 अंतरराष्ट्रीय में बने सबसे ऊंचे स्कोर में से एक। इतने सारे छक्के, इतने सारे चौके और भरपूर एक्शन। भारत वर्ल्ड कप के लिए बहुत अच्छी स्थिति में दिख रहा है और यही वजह है कि हर कोई उत्साहित है।”
ईशान किशन की जमकर तारीफ
थरूर ने इस दौरान भारतीय बल्लेबाज ईशान किशन की भी खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा, “शानदार! वह खिलाड़ी वाकई बेहद टैलेंटेड हैं। यह फॉर्म का भी सवाल है। ईशान इस वक्त शानदार फॉर्म में हैं, जबकि संजू नहीं। लेकिन यह मुकाबला दर्शकों के लिए एक जबरदस्त ट्रीट था। हम टी20 वर्ल्ड कप के लिए अच्छी स्थिति में हैं।”
भारत बनाम न्यूजीलैंड: मैच का पूरा हाल
पांचवें और अंतिम टी20 मुकाबले में ईशान किशन के पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक और अर्शदीप सिंह के पांच विकेट की बदौलत भारत ने न्यूजीलैंड को 46 रन से हराया। अंतिम ओवरों में हार्दिक पांड्या ने 17 गेंदों में 42 रन की तूफानी पारी खेलकर भारत को उसके टी20 इतिहास में चौथी बार 250 रन के पार पहुंचाया।
न्यूजीलैंड की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 19.4 ओवर में 225 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने 51 रन देकर पांच विकेट झटके। न्यूजीलैंड के लिए फिन एलेन ने 38 गेंदों में 80 रन बनाए, लेकिन टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।
मध्यक्रम में सूर्या-ईशान की साझेदारी
भारत की शुरुआत धीमी रही और पावरप्ले के बाद टीम दो विकेट पर 54 रन ही बना सकी। इसके बाद सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन ने पारी को संभाला। चोट के कारण चौथे टी20 से बाहर रहने के बाद लौटे ईशान किशन ने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए और भारतीय पारी को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।




