छात्राओं की सुरक्षा और रोजगार पर खास ध्यान, जनता के हित में बजट—राजपूत
केंद्रीय बजट पर मध्यप्रदेश के खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत की प्रतिक्रिया। बजट को बताया जनता को समर्पित और विकासोन्मुख, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और शहरी विकास को मिलेगा बढ़ावा।

भोपाल. मध्यप्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट को जनता को समर्पित, विकासोन्मुख और समावेशी बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट राज्य के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई दिशा देगा।
शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को मिलेगा बढ़ावा
मंत्री राजपूत ने कहा कि बजट में हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल निर्माण की घोषणा विशेष रूप से जनजातीय और ग्रामीण अंचलों की छात्राओं के लिए सुरक्षित आवास सुनिश्चित करेगी। इससे वे बिना किसी बाधा के उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकेंगी। उन्होंने इसे बेटियों के भविष्य को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
टियर-2 और टियर-3 शहरों के विकास को गति
टियर-2 और टियर-3 शहरों के लिए किए गए बड़े आवंटन से मध्यप्रदेश के प्रमुख शहरों— भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन और सागर— में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा। इससे आम नागरिकों को बेहतर जीवन सुविधाएं मिलेंगी और रोजगार व व्यापार के नए अवसर पैदा होंगे।
युवाओं के लिए भविष्य के रोजगार का रोडमैप
खाद्य मंत्री ने एनीमेशन, गेमिंग, विजुअल इफेक्ट्स और कंटेंट क्रिएशन जैसे क्षेत्रों में स्कूलों और कॉलेजों में लैब स्थापना के निर्णय को युवाओं के लिए भविष्य के रोजगार का स्पष्ट रोडमैप बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट नई पीढ़ी को तकनीक और नवाचार से जोड़ने वाला है।
‘विकसित भारत’ के संकल्प को मजबूती
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग—सभी वर्गों को राहत देने वाला है और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को और सशक्त करता है।




