यूपी में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने दो ऑटो को मारी टक्कर, 5 की मौत
आगरा के जलेसर रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने दो ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में छह लोगों की मौत और दो गंभीर रूप से घायल। सभी जगन्नाथपुरी से लौट रहे थे।

आगरा. उत्तर प्रदेश के आगरा में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खंदौली थाना क्षेत्र के जलेसर रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने दो ऑटो को टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जगन्नाथपुरी से लौट रहे थे सभी यात्री
पुलिस के अनुसार मृतक और घायल सभी लोग जगन्नाथपुरी दर्शन कर लौट रहे थे। मृतकों में हाथरस जिले के भादउ गांव निवासी—
- विजय सिंह उर्फ बीजो गौतम
- लक्ष्मीचंद
- रघुवीर
- बिरला मिस्त्री
तथा आगरा निवासी शाहिद शामिल हैं। सभी दोस्त 20 जनवरी को यात्रा पर गए थे और शनिवार को जबलपुर होते हुए आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। वहां से अपने गांव जाने के लिए उन्होंने दो ऑटो बुक किए थे।
नगला चंदन के पास हुआ हादसा
यात्रा के दौरान एक यात्री रामदत्त दवा लेने के लिए पहले ही उतर गया था। इसके कुछ देर बाद नगला चंदन, जलेसर रोड पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ऑटो उछलकर पेड़ से टकराते हुए गड्ढे में पलट गए और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
100 की रफ्तार और नशे में था ट्रक चालक
पुलिस जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक नशे की हालत में था और करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रक को लहराते हुए चला रहा था। हादसे के बाद वह मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में ले लिया।
अस्पताल में एक घायल ने तोड़ा दम
हादसे में गंभीर रूप से घायल धनप्रसाद और विजय को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान एक और व्यक्ति की मौत हो गई। इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दे दी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस के अनुसार एक ऑटो शाहिद खान चला रहा था, जबकि दूसरे ऑटो चालक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। मामले में ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर-इरादतन हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




