मनोरंजन

मार्क एंथोनी की फैमिली अपडेट: नादिया प्रेग्नेंट, आठवें बच्चे का इंतज़ार

हॉलीवुड सिंगर मार्क एंथोनी 57 की उम्र में आठवीं बार पिता बनने वाले हैं। पत्नी नादिया फरेरा ने तीसरी वेडिंग एनिवर्सरी पर प्रेग्नेंसी की घोषणा की।

हॉलीवुड के मशहूर सिंगर मार्क एंथोनी के घर एक बार फिर खुशियों की दस्तक होने वाली है। 57 वर्षीय एंथोनी जल्द ही आठवीं बार पिता बनने जा रहे हैं। उनकी 26 वर्षीय पत्नी नादिया फरेरा गर्भवती हैं। इस दंपती ने अपनी तीसरी शादी की सालगिरह पर यह खुशखबरी साझा की है। यह दोनों का दूसरा बच्चा होगा।

सोशल मीडिया पर साझा की खुशखबरी

मार्क एंथोनी और नादिया फरेरा ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें नादिया बेबी बंप फ्लॉन्ट करती नजर आ रही हैं। तस्वीर में नादिया के बेबी बंप पर उनका, मार्क का और उनके बेटे का हाथ दिखाई दे रहा है। कैप्शन में लिखा गया— “तीसरी सालगिरह मुबारक!! मार्क्विटो एक बड़ा भाई बनने जा रहा है।” गौरतलब है कि वर्ष 2023 में इस दंपती के पहले बेटे का जन्म हुआ था।

सेलेब्स और फैंस ने दी बधाइयां

इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर बधाइयों की बाढ़ आ गई। फैंस के साथ-साथ कई नामी हस्तियों ने भी कपल को शुभकामनाएं दीं। फुटबॉल स्टार डेविड बेकहम ने भी इस पोस्ट पर बधाई संदेश दिया। यह मार्क एंथनी का आठवां और नादिया फरेरा का दूसरा बच्चा होगा।

साल्सा किंग के नाम से मशहूर हैं मार्क एंथोनी

मार्क एंथोनी का पूरा नाम मार्को एंटोनियो मुनिज है। 16 सितंबर 1968 को जन्मे एंथोनी अमेरिकी सिंगर और अभिनेता हैं, जिन्हें दुनिया के सबसे अधिक बिकने वाले साल्सा कलाकारों में गिना जाता है। उन्होंने अपने करियर में 4 ग्रैमी अवॉर्ड, 8 लैटिन ग्रैमी अवॉर्ड और 29 लो नुएस्ट्रो अवॉर्ड जीते हैं। 2014 तक वे विश्व स्तर पर 12 मिलियन से अधिक एल्बम बेच चुके थे।

फैशन और ब्यूटी वर्ल्ड की चर्चित हस्ती हैं नादिया फरेरा

1999 में जन्मीं नादिया तमारा फरेरा पैराग्वे की जानी-मानी फैशन मॉडल और ब्यूटी पेजेंट विजेता हैं। वे मिस यूनिवर्स पैराग्वे 2021 बनीं और मिस यूनिवर्स 2021 में फर्स्ट रनर-अप रहीं। नादिया ने मिस टीन यूनिवर्स पैराग्वे 2015 का खिताब भी जीता था। वर्ष 2018 में न्यूयॉर्क फैशन वीक के दौरान रैंप वॉक के साथ उन्हें अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली, जिसके बाद वे कई प्रतिष्ठित पब्लिकेशंस का चेहरा बनीं।

मार्क एंथोनी का पारिवारिक सफर

  • मार्क एंथोनी की निजी जिंदगी भी काफी चर्चा में रही है।
  • 1994 में उनकी बेटी एरियाना मुनिज का जन्म डेबी रोसाडो से हुआ।
  • उन्होंने डेबी के बेटे चेज मुनिज को गोद लिया।
  • 2000 में उन्होंने पूर्व मिस यूनिवर्स डायनारा टोरेस से शादी की, जिनसे दो बेटे हैं।
  • 2004 में मार्क ने जेनिफर लोपेज से विवाह किया, जिनसे 2008 में जुड़वां बच्चों का जन्म हुआ। दोनों 2011 में अलग हो गए।
  • 2014 में मॉडल शैनन डी लीमा से शादी हुई, जो 2016 में टूट गई।
  • फरवरी 2022 में नादिया फरेरा के साथ रिश्ते की शुरुआत हुई और 2023 में दोनों विवाह बंधन में बंधे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button