शहर में बढ़ा कुत्तों का खतरा, नगर निगम अमले ने चलाया विशेष अभियान
रायपुर में नगर निगम द्वारा एबीसी कार्यक्रम के तहत प्रतिदिन 15–20 आवारा श्वानों का टीकाकरण, नसबंदी व डिवार्मिंग की जा रही है। सभी वार्डों में फीडिंग स्थल तय, शिकायतों का त्वरित निराकरण।

रायपुर. नगर पालिक निगम रायपुर द्वारा एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) कार्यक्रम को निरंतर और प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। इसके तहत प्रतिदिन औसतन 15–20 आवारा श्वानों को पकड़कर उनका टीकाकरण, नसबंदी (स्टेरिलाइजेशन) और डिवार्मिंग की जा रही है, ताकि श्वानों की संख्या नियंत्रित रहे और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
चंद्रशेखर आज़ाद वार्ड क्षेत्र से शिकायत प्राप्त होते ही नगर पालिक निगम रायपुर की डॉग कैचिंग टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आवारा श्वानों को पकड़ा। नियमानुसार इनके टीकाकरण/बधियाकरण/डिवार्मिंग की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। निगम को निदान 1100, आमजन एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण किया जा रहा है। यह समस्त कार्यवाही भारत का उच्चतम न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के पूर्ण अनुपालन में की जा रही है।
वार्डों में तय हुए श्वान फीडिंग स्थल
इसी क्रम में नगर निगम रायपुर के सभी जोनों के अंतर्गत समस्त वार्डों में श्वानों के लिए फीडिंग स्थल चिह्नांकित कर दिए गए हैं। संबंधित स्थानों पर सूचना बोर्ड भी लगाए गए हैं, ताकि भोजन व्यवस्था केवल निर्धारित स्थलों पर ही हो और अनियंत्रित फीडिंग से उत्पन्न समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
नगर निगम का उद्देश्य पशु कल्याण के साथ नागरिक सुरक्षा, स्वच्छता और जनसुविधा को संतुलित रूप से बनाए रखना है। भविष्य में एबीसी कार्यक्रम को और अधिक सुदृढ़ करते हुए इसे सतत रूप से जारी रखा जाएगा।




