देश

हाईवे पर कहर: ट्रक पलटने से इनोवा चकनाचूर, 7 की दर्दनाक मौत

गुजरात के बनासकांठा में आइसर ट्रक और इनोवा की भीषण टक्कर। राजस्थान के 7 लोगों की मौत, 3 गंभीर घायल। पालनपुर–आबू हाईवे पर 5 किमी जाम।

जयपुर. गुजरात के बनासकांठा जिले में रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में राजस्थान के 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भयावह थी कि इनोवा कार के परखच्चे उड़ गए और शव गाड़ी के अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद पालनपुर–आबू हाईवे पर करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक ने मारी टक्कर

यह हादसा अमीरगढ़ तालुका के इकबालगढ़ गांव के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार आइसर ट्रक रॉन्ग साइड से आ रहा था और अचानक डिवाइडर तोड़ते हुए सामने से आ रही इनोवा कार से टकरा गया। टक्कर के बाद ट्रक भी पलट गया, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस के मुताबिक, ट्रक का रजिस्ट्रेशन नंबर GJ-19-AX-8823 और इनोवा कार का नंबर RJ-22-TA-3107 है। इनोवा में कुल 10 लोग सवार थे, जो राजस्थान से गुजरात की ओर जा रहे थे।

हाईवे पर लगा लंबा जाम, क्रेन से हटवाए वाहन

दुर्घटना के बाद हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात नियंत्रित किया और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया। इसके बाद आवागमन धीरे-धीरे बहाल हो सका।

पुलिस-प्रशासन मौके पर, घायलों का इलाज जारी

सूचना मिलते ही अमीरगढ़ पुलिस पीआई बी.डी. गोहिल के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची। साथ ही प्रशांत सुम्बे ने भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।

स्थानीय लोगों की मदद से इनोवा में फंसे शवों और घायलों को बाहर निकाला गया। घायलों को 108 एम्बुलेंस सेवा के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

शव मोर्चरी में, ट्रक चालक पर मामला दर्ज

हादसे में जान गंवाने वाले सभी 7 शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। सभी पीड़ित राजस्थान के निवासी बताए जा रहे हैं।

अमीरगढ़ पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण लापरवाही और रॉन्ग साइड ड्राइविंग माना जा रहा है। ट्रक की रफ्तार और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन की भी जांच की जा रही है।

एसपी का बयान

बनासकांठा एसपी प्रशांत सुम्बे ने बताया, “अमीरगढ़ के इकबालगढ़ गांव के पास राजस्थान की ओर से आ रहा आइसर ट्रक डिवाइडर पार कर इनोवा कार से टकरा गया। कार में सवार 10 लोगों में से 7 की मौत हो गई है, जबकि 3 गंभीर रूप से घायल हैं। सभी पीड़ित राजस्थान के निवासी हैं। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button