जंगल/ग्रामीण इलाके में प्रेशर IED विस्फोट, एक ग्रामीण की हालत नाज़ुक
बीजापुर में नक्सलियों के प्रेशर IED विस्फोट में एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल। इल्मीडी थाना क्षेत्र में हादसा, सुरक्षा बलों ने सर्चिंग अभियान शुरू किया।

बीजापुर. छत्तीसगढ़ के Bijapur जिले में नक्सलियों द्वारा जंगल में लगाए गए प्रेशर IED की चपेट में आने से एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना उसूर ब्लॉक के इल्मीडी थाना क्षेत्र अंतर्गत लंकापल्ली के जंगलों में गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजू मोडियाम (30 वर्ष), पिता मुन्नी मोडियाम, जंगल की ओर लकड़ी लाने गया था। इसी दौरान उसका पैर जमीन में प्लांट किए गए प्रेशर IED पर पड़ गया, जिससे जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके में राजू के दाहिने पैर में गंभीर चोट आई।
घटना के बाद साथ गए ग्रामीणों ने तत्काल घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और इलाके में सर्चिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से लगाए गए IED की चपेट में निर्दोष ग्रामीण के आने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सुरक्षा एजेंसियां आसपास के जंगल क्षेत्रों की सघन तलाशी ले रही हैं।




