आधुनिक चिकित्सा की ओर कदम, अंबेडकर अस्पताल में हाई-टेक जांच सुविधा
रायपुर के अंबेडकर अस्पताल में सीटी एंजियोग्राफी शुरू। हृदय, मस्तिष्क व फेफड़ों की नॉन-इनवेसिव जांच, बीपीएल व 60+ मरीजों के लिए निःशुल्क सुविधा।

रायपुर. पं. नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय, रायपुर के रेडियोडायग्नोसिस विभाग में अब सीटी एंजियोग्राफी की अत्याधुनिक जांच सुविधा शुरू कर दी गई है। इसके तहत सीटी कोरोनरी, ब्रेन (सेरेब्रल), एब्डोमिनल, पेरिफेरल और पल्मोनरी एंजियोग्राफी जैसी जांचें नॉन-इनवेसिव पद्धति से की जा रही हैं। पिछले सप्ताह ही 29 मरीजों की सीटी एंजियो जांच कर समय पर उपचार संभव हो पाया।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर सरकार का जोर
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। आम नागरिकों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
शीघ्र, सटीक और सुरक्षित निदान
अम्बेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने बताया कि इस सुविधा से हृदय, मस्तिष्क, पेट, हाथ–पैर और फेफड़ों से संबंधित गंभीर रोगों का तेज, सटीक और विश्वसनीय निदान संभव हुआ है।
किसे कितनी फीस?
- बीपीएल मरीज और 60 वर्ष से अधिक आयु के मरीजों के लिए सभी जांचें निःशुल्क।
- एपीएल ओपीडी मरीज:
- सीटी स्कैन: ₹1000
- एमआरआई: ₹2000
- भर्ती एपीएल मरीज: सभी जांचें निःशुल्क।
आधुनिक मशीनें, न्यूनतम असुविधा
रेडियोडायग्नोसिस विभागाध्यक्ष डॉ. विवेक पात्रे के अनुसार, आधुनिक सीटी स्कैन मशीन और प्रेशर इंजेक्टर से जांचें सभी सुरक्षा मानकों के अनुरूप की जा रही हैं। सीटी एंजियोग्राफी कम समय में पूरी होती है, मरीज को कम असुविधा होती है और रिकवरी टाइम भी कम रहता है।
सीटी कोरोनरी एंजियोग्राफी के फायदे
- कैथेटराइजेशन की आवश्यकता नहीं
- पारंपरिक एंजियोग्राफी की तुलना में अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक
- हृदय की कोरोनरी धमनियों में संकुचन/ब्लॉकेज का उच्च गुणवत्ता 3D इमेजिंग के साथ आकलन
ब्रेन एंजियोग्राफी से किन रोगों की पहचान
ब्रेन एंजियोग्राफी से स्ट्रोक, एन्यूरिज्म और धमनी–शिरापरक विकृति (AVM) जैसी बीमारियों की सटीक जांच संभव है। इस जांच में भर्ती की जरूरत नहीं होती और मरीज जल्दी सामान्य दिनचर्या में लौट सकता है।
कैसे होती है सीटी एंजियोग्राफी
यह जांच आयोडीन-आधारित कंट्रास्ट डाई की मदद से रक्त वाहिकाओं की स्पष्ट 3D तस्वीरें प्रदान करती है। पूरी प्रक्रिया सामान्यतः 15–20 मिनट में पूर्ण हो जाती है।




