सीएम डॉ. यादव और डॉ. मांडविया करेंगे राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं की शुरुआत
भोपाल में 27 जनवरी से खेलो एमपी यूथ गेम्स की राज्य स्तरीय शुरुआत। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे उद्घाटन, 28 खेलों में प्रदेशभर के युवा खिलाड़ी लेंगे भाग।

प्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने गुरुवार को प्रेस से चर्चा में जानकारी दी कि 27 जनवरी 2026 को शाम 6:30 बजे भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम में खेलो एमपी यूथ गेम्स की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का भव्य शुभारंभ होगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया उद्घाटन करेंगे।
ब्लॉक से संभाग स्तर तक पूरी हुई चयन प्रक्रिया
मंत्री सारंग ने बताया कि प्रदेशभर में ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिताएँ सफलतापूर्वक संपन्न हो चुकी हैं। जिला एवं संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएँ प्रगति पर हैं, जो 25 जनवरी 2026 तक पूर्ण हो जाएँगी। इसके पश्चात राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं की शुरुआत की जाएगी।
खेलों की थीम पर आधारित रहेगा शुभारंभ समारोह
टीटी नगर स्टेडियम में आयोजित शुभारंभ समारोह को पूर्णतः खेलों की थीम पर आधारित रखा गया है। समारोह में कैलाश खेर की विशेष संगीतमय प्रस्तुति होगी, वहीं इंडियाज़ गॉट टैलेंट फेम डांस ट्रूप द्वारा आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियाँ दी जाएँगी। इसके अतिरिक्त खेलों के इतिहास पर आधारित नृत्य-नाटिका और भव्य आतिशबाजी समारोह के प्रमुख आकर्षण रहेंगे। मंत्री सारंग के अनुसार यह आयोजन खेल, ऊर्जा और युवा उत्साह का जीवंत प्रदर्शन होगा।
खेल विभाग और संघों के समन्वय से नवाचार
मंत्री सारंग ने कहा कि देश में पहली बार खेल विभाग और सभी मान्यता प्राप्त खेल संघों के संयुक्त समन्वय से खेलो एमपी यूथ गेम्स का आयोजन किया जा रहा है।
इस नवाचारी मॉडल के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आए हैं, जिससे जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभा की पहचान संभव हो सकी है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश भविष्य में इस मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर लागू करने के लिए प्रयासरत रहेगा।
ऑनलाइन पंजीयन से पारदर्शी चयन
खेलो एमपी यूथ गेम्स में सहभागिता के लिए खिलाड़ियों का ऑनलाइन पंजीयन डैशबोर्ड आधारित डिजिटल प्रणाली के माध्यम से किया गया है।
मंत्री ने बताया कि अब तक एक लाख से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। पंजीयन, खेलवार सहभागिता, परिणामों की प्रविष्टि और प्रगति की निगरानी रीयल-टाइम डैशबोर्ड के माध्यम से की जा रही है, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और सुगम बनी है।
31 जनवरी तक चलेंगी प्रतियोगिताएँ, 28 खेल शामिल
राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएँ 31 जनवरी 2026 तक आयोजित की जाएँगी। ब्लॉक एवं जिला स्तर पर 21 खेलों की प्रतियोगिताएँ आयोजित की गई थीं, जबकि राज्य स्तर पर कुल 28 खेलों को शामिल किया गया है। प्रदेश के सभी 10 संभागों की टीमें इन प्रतियोगिताओं में भाग लेंगी।
खेल परंपरा के अनुसार तय किए गए आयोजन स्थल
मंत्री सारंग ने बताया कि प्रतियोगिताओं के आयोजन स्थल संबंधित क्षेत्रों की खेल परंपरा और लोकप्रियता को ध्यान में रखकर तय किए गए हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएँ भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, रीवा, शिवपुरी, ग्वालियर, सागर और नर्मदापुरम में होंगी।
मुख्य खेल आयोजन स्थल
- भोपाल: एथलेटिक्स, फेंसिंग, पुरुष क्रिकेट, क्याकिंग-कैनोईंग, रोइंग, तैराकी, शूटिंग, पुरुष हॉकी, बॉक्सिंग, थ्रोबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी
- इंदौर: बास्केटबॉल, वेटलिफ्टिंग, टेबल टेनिस, टेनिस
- शिवपुरी: महिला क्रिकेट
- ग्वालियर: महिला हॉकी, पिट्टू, बैडमिंटन
- उज्जैन: मल्लखम्ब, योगासन, रस्साकशी, कुश्ती
- जबलपुर: खो-खो, आर्चरी
- रीवा: फुटबॉल
- नर्मदापुरम: ताइक्वांडो, शतरंज
- सागर: जूडो
पारंपरिक खेलों को मिला विशेष स्थान
मंत्री सारंग ने बताया कि खेलो एमपी यूथ गेम्स में पहली बार पिट्टू और रस्साकशी जैसे पारंपरिक खेलों के साथ क्रिकेट और थ्रोबॉल जैसे लोकप्रिय खेलों को विशेष रूप से शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य ग्रामीण और शहरी युवाओं को समान अवसर देना, अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ना और छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है।




