झारखंड में रात की ठंड से राहत के संकेत, 6 जिलों में शीतलहर का अलर्ट
झारखंड में शीतलहर का प्रकोप जारी। रांची समेत 6 जिलों में चेतावनी, मैकलुस्कीगंज में तापमान शून्य। 20 जनवरी से ठंड से राहत की उम्मीद।

रांची. झारखंड में रांची समेत कई जिलों में सुबह और रात के समय कड़ाके की ठंड बनी हुई है। बीते 24 घंटों के दौरान कई इलाकों में शीतलहर की स्थिति दर्ज की गई। मौसम विभाग ने शनिवार को भी राज्य के छह जिलों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है, जिनमें सिमडेगा, गुमला, पश्चिमी सिंहभूम, खूंटी, रामगढ़ और बोकारो शामिल हैं।
न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव, मैकलुस्कीगंज सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। शुक्रवार को मैकलुस्कीगंज सबसे ठंडा रहा, जहां स्थानीय तापमापी के अनुसार न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री दर्ज किया गया।
कांके में तापमान 3 डिग्री रहा।
अन्य जिलों में न्यूनतम तापमान इस प्रकार दर्ज किया गया
- खूंटी: 2.6 डिग्री
- गुमला: 2.8 डिग्री (एक दिन में 2 डिग्री की वृद्धि)
- रांची: 8.2 डिग्री
- मेदिनीनगर, कोडरमा, लातेहार: 1–2 डिग्री की बढ़ोतरी
- अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान अब भी 9 डिग्री से नीचे या उसके आसपास बना हुआ है।
चार दिनों में बढ़ेगा पारा, 20 जनवरी से मिल सकती है राहत
मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों में राज्य के न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री तक वृद्धि होने की संभावना है। इससे 20 जनवरी के बाद रात की कनकनी से कुछ राहत मिल सकती है।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, आने वाले सात दिनों में आसमान साफ रहने की संभावना है। साफ मौसम के कारण दिन में धूप तेज होगी और अधिकतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। तापमान में यह बढ़ोतरी झारखंड के लोगों के लिए ठंड से राहत लेकर आएगी।




