मध्यप्रदेश में तेज विकास की धारा, डबल इंजन सरकार से मिल रही नई दिशा : डॉ. यादव
सीएम मोहन यादव ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में पीएमजी और प्रगति प्लेटफॉर्म से अटकी परियोजनाएं सक्रिय हुईं। मध्यप्रदेश में 209 बड़े केंद्रीय प्रोजेक्ट्स से विकास को नई गति मिली।

भोपाल. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त नेतृत्व और केंद्र–राज्य की डबल इंजन सरकार के प्रभावी समन्वय से देश में बुनियादी ढांचा विकास को अभूतपूर्व गति मिली है। प्रोजेक्ट मॉनीटरिंग ग्रुप (PMG) और प्रोएक्टिव गवर्नेंस एंड टाइमली इंप्लीमेंटेशन (प्रगति) प्लेटफॉर्म की शुरुआत से वर्षों से अटकी निवेश परियोजनाएं पुनः सक्रिय हुई हैं और निर्णय-निर्माण प्रक्रिया तेज हुई है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को मीडिया प्रतिनिधियों के साथ पीएमजी की उपलब्धियां साझा कीं। इस अवसर पर मुख्य सचिव अनुराग जैन ने प्रगति प्लेटफॉर्म पर विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया।
मध्यप्रदेश को 209 बड़े केंद्रीय प्रोजेक्ट्स की सौगात
- मुख्यमंत्री ने बताया कि विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों के माध्यम से मध्यप्रदेश को 209 बड़े प्रोजेक्ट्स मिले हैं।
- ₹2,61,340 करोड़ निवेश वाली 108 केंद्रीय विकास परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं।
- ₹5,24,471 करोड़ से अधिक लागत की 101 परियोजनाएं वर्तमान में क्रियान्वयन के अधीन हैं।
- केंद्रीय परियोजनाओं के क्रियान्वयन में प्रदेश ने 97% सफलता हासिल की है।
- इनमें रेल मंत्रालय की 14, सड़क परिवहन मंत्रालय की 13, विद्युत मंत्रालय की 5 और नवकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
वन्यजीव पर्यटन और औद्योगिक विकास को बढ़ावा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केंद्र और राज्य मिलकर वन्यजीव पर्यटन को आगे बढ़ा रहे हैं। कूनो नेशनल पार्क में चीते अब स्थायी रूप से अपना घर बना चुके हैं। वहीं धार में विकसित हो रहे पीएम मित्र पार्क से कपास उत्पादक किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
समन्वय से दोगुनी हुई विकास की गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्यों के बीच परस्पर समन्वय हमारी सबसे बड़ी ताकत है। प्रधानमंत्री मोदी ने शासन को केवल प्रक्रियात्मक नहीं, बल्कि परिणामोन्मुख और जवाबदेह बनाया है। पीएमजी और प्रगति पोर्टल के माध्यम से हर परियोजना की प्रगति, बाधा और समाधान की सीधी निगरानी संभव हुई है। इससे पहले जो योजनाएं कागजों तक सीमित रहती थीं, वे अब समयबद्ध रूप से धरातल पर उतर रही हैं।
नदी परियोजनाओं और प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर उपयोग
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रगति पोर्टल से भू-गर्भ संपदा का दोहन देशहित में अधिक प्रभावी ढंग से किया जा रहा है। केन–बेतवा नदी जोड़ो परियोजना सहित मध्यप्रदेश में अब तीन नदी परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। बदलते दौर में केंद्र–राज्य समन्वय पहले से कहीं अधिक मजबूत हुआ है।
रेल कनेक्टिविटी में ऐतिहासिक सुधार
रेलवे की 285 किमी लंबी जबलपुर–गोंदिया गेज परिवर्तन परियोजना से मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के बीच सीधा और अधिक क्षमता वाला रेल संपर्क स्थापित हुआ है। इससे जबलपुर, बालाघाट, मंडला और सिवनी जिलों की कनेक्टिविटी नागपुर, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई जैसे प्रमुख शहरों से बढ़ी है। इसके अलावा, ₹18,500 करोड़ लागत की इंदौर–मनमाड़ रेल लाइन से उज्जैन सहित पूरे क्षेत्र को लाभ मिलेगा।
2015 में शुरू हुआ प्रगति प्लेटफॉर्म
मुख्य सचिव अनुराग जैन ने बताया कि प्रगति प्लेटफॉर्म की शुरुआत 25 मार्च 2015 को हुई थी। शुभारंभ के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि— “आज पूरा विश्व भारत को बड़ी उत्सुकता से देख रहा है। ऐसे समय में यह आवश्यक है कि भारत की शासन-व्यवस्था और अधिक प्रभावी और संवेदनशील बने।”




