मध्य प्रदेश

लोक से सृजन तक: PWD जन-जन की सेवा के संकल्प को कर रहा साकार— डॉ. मोहन यादव

भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इंजीनियरों की क्षमता से विकसित भारत@2047 का सपना साकार होगा। लोकपथ 2.0 ऐप और कैपेसिटी बिल्डिंग फ्रेमवर्क 2026 का लोकार्पण।

भोपाल. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि इंजीनियरों की क्षमता और नवाचार के बल पर ही नरेंद्र मोदी के विजन विकसित भारत@2047 को साकार किया जा सकता है। लोक निर्माण विभाग (PWD) अपने नाम के अनुरूप लोक यानी जनता और निर्माण यानी सृजन के भाव के साथ जन-जन की सेवा के संकल्प को पूरा कर रहा है।

मुख्यमंत्री रविवार को रवीन्द्र भवन, भोपाल में लोक निर्माण विभाग के नवाचारों, डिजिटल पहलों और अभियंताओं की क्षमता निर्माण पर केंद्रित राज्य स्तरीय कार्यक्रम सह प्रशिक्षण-सत्र को संबोधित कर रहे थे।

लोक निर्माण से लोक कल्याण का संकल्प

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एक राजनेता होने के साथ सन्यासी भाव से भारत की प्रगति और क्षमता निर्माण में जुटे हैं। लोक निर्माण विभाग में विकास कार्यों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की क्षमता है।

उन्होंने भारतीय परंपरा के उदाहरण देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम के काल में नल-नील द्वारा समुद्र पर सेतु निर्माण और भगवान विश्वकर्मा द्वारा पुष्पक विमान का निर्माण सामूहिक क्षमता और तकनीकी कौशल का प्रतीक है। आज भी निर्माण कार्यों का उद्देश्य सभी को साथ लेकर विकास और कल्याण की दिशा में आगे बढ़ना है।

लोकपथ 2.0 ऐप लॉन्च, नागरिकों को मिलेंगी स्मार्ट सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में लोकपथ मोबाइल ऐप के उन्नत संस्करण – लोकपथ 2.0 का लोकार्पण किया। यह ऐप—

  • सड़क रखरखाव की निगरानी
  • नागरिक शिकायतों का त्वरित निवारण
  • रूट प्लानिंग
  • ब्लैक स्पॉट अलर्ट
  • आपातकालीन SOS सुविधा
  • सड़क किनारे उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी
  • जैसी सेवाओं के माध्यम से नागरिकों को एक आधुनिक, उपयोगकर्ता-अनुकूल डिजिटल प्लेटफॉर्म प्रदान करेगा।

कैपेसिटी बिल्डिंग फ्रेमवर्क 2026 का विमोचन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अभियंताओं के प्रशिक्षण, कौशल उन्नयन और आधुनिक परियोजना प्रबंधन के लिए विकसित कैपेसिटी बिल्डिंग फ्रेमवर्क 2026 का विमोचन भी किया। इस फ्रेमवर्क में—

  • तकनीकी प्रशिक्षण
  • प्रोजेक्ट मैनेजमेंट
  • फाइनेंशियल मैनेजमेंट
  • कॉन्ट्रेक्ट मैनेजमेंट को शामिल किया गया है, ताकि इंजीनियर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य कर सकें।

दो वर्षों के नवाचारों पर आधारित पुस्तिका जारी

कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग द्वारा पिछले दो वर्षों में किए गए नवाचारों और सुधारात्मक प्रयासों पर आधारित पुस्तिका का विमोचन किया गया। इसमें डिजिटल समाधान, गुणवत्ता नियंत्रण, पर्यावरण संरक्षण, नई निर्माण तकनीकें और आधुनिक प्रबंधन प्रणालियों की झलक प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर लोकपथ 2.0, कैपेसिटी बिल्डिंग फ्रेमवर्क और विभागीय गतिविधियों पर आधारित लघु फिल्मों का भी प्रदर्शन हुआ।

जनसामान्य के कल्याण के लिए हर निर्माण कार्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, पुल, भवन और अन्य संरचनाएं जब गुणवत्ता, संवेदनशीलता और दूरदर्शिता के साथ बनती हैं, तो वे जन-जीवन को सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाती हैं। लोक निर्माण विभाग द्वारा अपनाए जा रहे नवाचार और कार्यों की गति इस बात का प्रमाण हैं कि विभाग नई सोच के साथ आगे बढ़ रहा है।

इंजीनियर प्रदेश के विकास की रीढ़: मंत्री राकेश सिंह

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि PWD केवल सड़क और पुल बनाने वाला विभाग नहीं, बल्कि प्रदेश की गति, दिशा और विकास की रीढ़ है। विभाग की सड़कें किसानों को मंडियों, बच्चों को शिक्षा, मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं और उद्योगों को निवेश से जोड़ती हैं। उन्होंने कहा कि अगले दो वर्षों में मध्यप्रदेश का लोक निर्माण विभाग देश के सबसे दक्ष इंजीनियरों का समूह बनेगा।

विकसित भारत@2047 के लक्ष्यों के अनुरूप काम

लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव सुखबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश संतुलित विकास की ओर अग्रसर है। विभाग अगले तीन वर्षों के लक्ष्य और विकसित भारत@2047 के लिए समयबद्ध गतिविधियों के संचालन के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में 1500 से अधिक अभियंता और विभिन्न संस्थानों के विशेषज्ञ शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button