छत्तीसगढ़

नारायणपुर में पुलिस का बड़ा एक्शन: 1200 घरों की संघन चेकिंग, 173 संदिग्धों से पूछताछ से हड़कंप

नारायणपुर में पुलिस ने 1200 घरों और 160 दुकानों में चेकिंग कर 173 संदिग्धों से पूछताछ की। समाधान ऐप के जरिए किरायेदारों का सत्यापन कराने की अपील।

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के उद्देश्य से पुलिस ने एक साथ बड़े पैमाने पर सत्यापन अभियान चलाया। इस विशेष चेकिंग ड्राइव के तहत नगर पंचायत के सभी 15 वार्डों और आसपास के संवेदनशील इलाकों को कवर किया गया। पुलिस टीमों ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 1200 से अधिक मकानों तथा 160 से ज्यादा दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की संघन जांच की।

21 टीमों के 150 जवानों ने संभाला मोर्चा

सुरक्षा बल की 21 अलग-अलग टीमों में शामिल करीब 150 अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सत्यापन किया।

  • संदिग्धों से पूछताछ: अभियान के दौरान 173 संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की गई और कड़ी पूछताछ हुई।
  • बाहरी कर्मचारियों का सत्यापन: मटन की दुकानों, सैलून (नाई), कबाड़ी तथा अन्य प्रतिष्ठानों में काम करने वाले बाहरी कर्मचारियों के पहचान पत्रों का सत्यापन किया गया।
  • संबंधित थानों से तस्दीक: जुटाए गए डेटा के आधार पर संबंधित गृह थानों से भी उनका पुलिस वेरिफिकेशन कराया जा रहा है।

‘समाधान ऐप’ का उपयोग और मकान मालिकों को हिदायत

पुलिस अधिकारियों ने मकान मालिकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अपने किरायेदारों और बाहरी कर्मचारियों की पूरी जानकारी ‘समाधान ऐप’ पर अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं।

जांच के दौरान जिन व्यक्तियों की किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता नहीं पाई गई, उन्हें आवश्यक हिदायत देकर छोड़ दिया गया। पुलिस प्रशासन ने साफ किया कि इस अभियान का मकसद आम जनता को परेशान करना नहीं, बल्कि क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाना है। इस तरह के सरप्राइज चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

नशामुक्ति अभियान से युवाओं को जोड़ने की पहल

सुरक्षा निगरानी बढ़ाने के साथ-साथ नारायणपुर पुलिस सामाजिक जागरूकता पर भी जोर दे रही है। अभियान के दौरान ही स्थानीय स्कूलों में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां छात्रों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। नारायणपुर में एक तरफ जहां अपराधियों और संदिग्धों पर नकेल कसी जा रही है, वहीं दूसरी तरफ युवा पीढ़ी को नशे के गर्त से बचाने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button