CG News: भगवान शिव पर अभद्र टिप्पणी पड़ी भारी, छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम के अध्यक्ष अरुण पन्नालाल गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम के अध्यक्ष अरुण पन्नालाल को भगवान शिव पर अभद्र टिप्पणी के आरोप में रायपुर में गिरफ्तार किया गया। जानिए पूरा मामला।
रायपुर। सावन के पवित्र महीने में भगवान शिव पर विवादित टिप्पणी करने का मामला गर्मा गया है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम के अध्यक्ष अरुण पन्नालाल को गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट सामने आने के बाद देर रात भारी विरोध प्रदर्शन हुआ, जिसके बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
बजरंग दल ने किया घर का घेराव, देर रात थाने पहुंचे बीजेपी नेता
सोशल मीडिया पर विवादित टिप्पणी वायरल होते ही हिंदू संगठनों और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। शुक्रवार की रात बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने अरुण पन्नालाल के घर का घेराव कर नारेबाजी की। इसके तुरंत बाद बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी और हंसराज गोयल समर्थकों के साथ सिविल लाइन थाने पहुंचे और मामले में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
सावन में धार्मिक भावनाएं भड़काने का आरोप, पुलिस की सख्त कार्रवाई
थाने पहुंचे बीजेपी प्रवक्ता अमित चिमनानी ने मीडिया को बताया कि सावन के पवित्र महीने में भगवान शिव पर ऐसी अभद्र टिप्पणी की गई है जिसे दोहराया भी नहीं जा सकता। हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं को आघात पहुंचाने के विरोध में रात में ही एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी अरुण पन्नालाल को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




