Welcome to the Jungle: सालों बाद अक्षय-सुनील संग काम करने पर क्या बोलीं रवीना टंडन? सेट से खोला ये बड़ा राज
Welcome to the Jungle: रवीना टंडन ने फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' के सेट से अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी संग काम करने का अनुभव शेयर किया है। जानें एक्ट्रेस ने क्या कहा।
मुंबई: बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री रवीना टंडन इन दिनों अपनी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने अपने पुराने दोस्तों और मशहूर को-स्टार्स अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी के साथ दोबारा स्क्रीन शेयर करने का अनुभव साझा किया। एक्ट्रेस ने बताया कि इस मल्टी-स्टारर फिल्म के सेट पर काम करना किसी प्रोफेशनल ‘शूट’ से ज्यादा एक ‘मजेदार रीयूनियन’ और गेट-टुगेदर जैसा महसूस हो रहा था।
पुराने दोस्तों के साथ काम करना बेहद मजेदार: रवीना
रवीना टंडन ने 90 के दशक के अपने सह-कलाकारों के साथ काम करने के अनुभव को बेहद खास बताया। उन्होंने कहा, “इस फिल्म के ज्यादातर एक्टर्स मेरे पुराने दोस्त हैं। उनके साथ शूटिंग करना किसी मजेदार गेट-टुगेदर जैसा था, जहां हंसते-खेलते और काम करते-करते हमने एक बेहतरीन फिल्म तैयार कर ली।” रवीना ने फिल्म के डायरेक्टर अहमद खान की भी जमकर तारीफ की और कहा कि इतने बड़े और अनुभवी स्टार्स की फौज को इतनी आसानी से संभालने का पूरा क्रेडिट अहमद को जाता है।
जैकलीन और दिशा पटानी संग ऐसे बनी बॉन्डिंग
रवीना टंडन ने फिल्म की अन्य स्टारकास्ट जैकलीन फर्नांडीज और दिशा पटानी के साथ अपनी बॉन्डिंग का भी एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि सेट पर एक आवारा कुत्ते के पिल्ले (स्ट्रीट डॉग) की देखभाल करने के दौरान तीनों अभिनेत्रियां एक-दूसरे के करीब आईं। बाद में रवीना ने उस पिल्ले को गोद ले लिया और वह उनके परिवार का हिस्सा बन गया।
90 के दशक की सुपरहिट जोड़ियां फिर साथ
रवीना टंडन का अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी दोनों के साथ बेहद पुराना और सफल प्रोफेशनल रिश्ता रहा है। 90 के दशक में रवीना और अक्षय ने ‘मोहरा’, ‘खिलाड़ियों का खिलाड़ी’, ‘बारूद’ और ‘पुलिस फ़ोर्स’ जैसी कई सुपरहिट फिल्में दी हैं। वहीं, सुनील शेट्टी के साथ भी उन्होंने ‘दिलवाले’, ‘विनाशक’, ‘रक्षक’ और ‘आक्रोश’ जैसी यादगार फिल्मों में मुख्य भूमिका निभाई है।
बता दें कि अहमद खान के निर्देशन में बनी ‘वेलकम टू द जंगल’ मशहूर ‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी की लेटेस्ट फिल्म है। इस फिल्म में अक्षय, सुनील और रवीना के अलावा फरीदा जलाल, अरशद वारसी, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े, परेश रावल, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, जैकलीन फर्नांडीज और दिशा पटानी जैसे कई बड़े सितारे नजर आ रहे हैं।




