राष्ट्रीय

TMC फंड केस में ED की ताबड़तोड़ छापेमारी, केयरवेल एविएशन के डायरेक्टर्स के घर पहुंचे अफसर

कोलकाता में टीएमसी फंड केस को लेकर ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है। अभिषेक बनर्जी की चार्टर्ड फ्लाइट से जुड़ी एविएशन कंपनी के 5 ठिकानों पर छापेमारी जारी है। पूरी खबर पढ़ें।

कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बैंक खातों और चुनावी चंदे में कथित वित्तीय गड़बड़ी को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार सुबह एक बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। केंद्रीय जांच एजेंसी की अलग-अलग टीमें कोलकाता और उसके आसपास सॉल्ट लेक, राजारहाट और राधाबाजार समेत पांच ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं। ईडी के अधिकारी केंद्रीय सुरक्षा बलों (CRPF) के जवानों के साथ ‘केयरवेल एविएशन’ नाम की एक चार्टर्ड एविएशन कंपनी के निदेशकों के घर और दफ्तरों को खंगाल रहे हैं। पूरा मामला टीएमसी के खातों में हुए संदिग्ध लेन-देन और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा हुआ है।

अभिषेक के चार्टर्ड दौरों पर फंसा पेंच, भाजपा विधायक की शिकायत पर हुई थी कार्रवाई

जांच में यह बात सामने आई है कि केयरवेल एविएशन के प्राइवेट विमानों और हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल टीएमसी के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी और पार्टी के अन्य बड़े नेता दौरों के लिए करते रहे हैं। ईडी की टीम सॉल्ट लेक में रहने वाले कंपनी के दो निदेशकों, पवन जाजू और राजेश जाजू से पूछताछ कर रही है।

दरअसल, यह विवाद तब शुरू हुआ था जब जयनगर से भाजपा विधायक ने निजी बैंक के तीन खातों में भारी गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए बिधाननगर साइबर क्राइम पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पार्टी के पूर्व कोषाध्यक्ष अरूप विश्वास ने भी खुद बैंक को पत्र लिखकर इन खातों को फ्रीज करने का अनुरोध किया था। अब ईडी इस बात की जांच कर रही है कि क्या इन महंगे चार्टर्ड विमानों का भुगतान इसी संदिग्ध फंड से किया जा रहा था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button