Rajya Sabha Equation: राज्यसभा में NDA दो-तिहाई बहुमत के करीब, बंगाल उपचुनाव से बढ़ेगी BJP की ताकत!
राज्यसभा उपचुनाव के बाद उच्च सदन में BJP की सीटें बढ़कर 117 और NDA की संख्या 145 होने जा रही है। जानें पश्चिम बंगाल का नया सियासी समीकरण और दो-तिहाई बहुमत का पूरा गणित।
नई दिल्ली. संसद के मॉनसून सत्र के बीच राज्यसभा की तीन सीटों पर होने वाले उपचुनाव से उच्च सदन में भाजपा और एनडीए का पलड़ा भारी होने जा रहा है। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर हुई बड़ी टूट का सीधा फायदा भाजपा को मिलने के आसार हैं। इन तीन सीटों पर जीत दर्ज करते ही राज्यसभा में भाजपा की सदस्य संख्या बढ़कर 117 और एनडीए (NDA) की ताकत 145 पर पहुंच जाएगी। इस मजबूती से सरकार को महिला आरक्षण और परिसीमन जैसे बड़े विधेयकों को पारित कराने के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत जुटाने में आसानी होगी।
बंगाल में TMC की टूट से BJP के पक्ष में आए आंकड़े
पश्चिम बंगाल विधानसभा में भाजपा के पास इस समय 208 सदस्य हैं, जो राज्यसभा उपचुनाव की तीनों सीटें जीतने के लिए पर्याप्त हैं। दरअसल, टीएमसी के तीन राज्यसभा सांसदों सुखेंदु शेखर रे, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बरिक के इस्तीफे के बाद ये सीटें खाली हुई हैं।
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा इन तीनों नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल कर फिर से मैदान में उतार सकती है। दूसरी तरफ, ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी के विधायक दल में विभाजन हो चुका है, जिससे विपक्ष के लिए चुनौती खड़ी हो गई है। जुलाई के आखिरी सप्ताह तक भाजपा के ये नए सदस्य उच्च सदन का हिस्सा बन सकते हैं, जिससे 245 सदस्यीय सदन में बीजेडी, वाईएसआरसीपी और मनोनीत सदस्यों के सहयोग से एनडीए आसानी से दो-तिहाई (162) का जादुई आंकड़ा पार कर लेगा।




