पटना हाई कोर्ट के फैसले पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, यौन अपराध मामलों में सभी अदालतों को दिए नए निर्देश
पटना हाई कोर्ट के रेप की कोशिश संबंधी फैसले के बाद सुप्रीम कोर्ट ने न्यायिक संवेदनशीलता पर अहम निर्देश जारी किए। सभी अदालतों और पुलिस को यौन अपराध मामलों में निर्धारित हैंडबुक का पालन करने को कहा गया।
पटना. सुप्रीम कोर्ट ने यौन अपराध से जुड़े मामलों की सुनवाई में न्यायिक संवेदनशीलता को मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। शीर्ष अदालत ने राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी समिति की तैयार रिपोर्ट को सुप्रीम कोर्ट और सभी हाई कोर्ट की वेबसाइटों पर उपलब्ध कराने का आदेश दिया है। साथ ही राज्यों को निर्देश दिया गया है कि पुलिस थानों में एफआईआर दर्ज करने और चार्जशीट दाखिल करने के दौरान भी निर्धारित हैंडबुक का पालन सुनिश्चित किया जाए। अदालत ने स्पष्ट किया कि इन मामलों में न्यायिक दृष्टिकोण संवेदनशील और स्थापित कानूनी मानकों के अनुरूप होना चाहिए।
पटना हाई कोर्ट के आदेश पर सुप्रीम कोर्ट ने जताई नाराजगी
सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता शोभा गुप्ता ने सुप्रीम कोर्ट का ध्यान पटना हाई कोर्ट के हालिया आदेश की ओर आकर्षित किया, जिसमें कहा गया था कि महिला की सलवार उतारना और उसकी छाती दबाना अपने आप में रेप की कोशिश साबित करने के लिए पर्याप्त नहीं है। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने सवाल उठाया कि क्या संबंधित पीठ ने पहले दिए गए निर्देशों और न्यायिक संवेदनशीलता से जुड़े फैसलों का संज्ञान लिया था। मुख्य न्यायाधीश ने यह भी कहा कि न्यायाधीशों की जिम्मेदारी केवल कानून लागू करना ही नहीं, बल्कि संबंधित न्यायिक दृष्टांतों और दिशानिर्देशों का अध्ययन करना भी है।
इलाहाबाद हाई कोर्ट के मामले के बाद बनी थी समिति
यह मामला उस स्वतः संज्ञान कार्यवाही से जुड़ा है, जिसकी शुरुआत इलाहाबाद हाई कोर्ट के वर्ष 2025 के एक विवादित आदेश के बाद हुई थी। उस आदेश में कुछ कृत्यों को रेप की कोशिश की श्रेणी में नहीं माना गया था। इसके बाद न्यायिक संवेदनशीलता को लेकर राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी समिति ने विस्तृत रिपोर्ट तैयार की, जिसे अब देशभर की अदालतों के लिए संदर्भ सामग्री के रूप में उपलब्ध कराया जाएगा।
2008 के मामले में पटना हाई कोर्ट ने बदला था दोष सिद्धि का आधार
पटना हाई कोर्ट का फैसला वर्ष 2008 की एक घटना से संबंधित है। आरोप था कि एक फोटोग्राफी स्टूडियो में महिला को कमरे के भीतर बंद कर उसके साथ यौन उत्पीड़न का प्रयास किया गया। ट्रायल कोर्ट ने आरोपी को रेप की कोशिश और अवैध रूप से बंधक बनाने के अपराध में दोषी ठहराया था। हालांकि, हाई कोर्ट ने उपलब्ध साक्ष्यों और रिकॉर्ड की समीक्षा के बाद कहा कि रेप की कोशिश का आरोप पर्याप्त रूप से सिद्ध नहीं हो सका। अदालत ने माना कि आरोपी की हरकतें महिला की मर्यादा भंग करने के अपराध की श्रेणी में आती हैं और इसी आधार पर संबंधित प्रावधान लागू किए गए। सुप्रीम कोर्ट की ताजा टिप्पणी के बाद इस तरह के मामलों में न्यायिक दृष्टिकोण और कानूनी व्याख्या पर नई चर्चा शुरू हो गई है।




