राष्ट्रीय

भारी बारिश और लैंडस्लाइड से मुंबई-पुणे रूट ठप, 16 ट्रेनें रद्द, रेड अलर्ट जारी

मुंबई में भारी बारिश और लैंडस्लाइड के कारण मुंबई-पुणे रेल रूट ठप हो गया है। डेक्कन क्वीन और इंद्रायणी समेत 16 ट्रेनें रद्द और 9 डायवर्ट की गई हैं। IMD ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। पूरी अपडेट यहां पढ़ें।

मुंबई। भारी बारिश ने आमची मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। सोमवार तड़के हुई मूसलाधार बारिश के बाद कर्जत और लोनावला के बीच दक्षिण पूर्व घाट सेक्शन में भीषण भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हुआ है, जिससे मुंबई-पुणे रेल रूट पूरी तरह ठप पड़ गया है। सेंट्रल रेलवे के ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल लूप केबिन के बीच ट्रैक पर भारी मलबा गिरने के कारण प्रशासन ने 16 मुख्य ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि 9 लंबी दूरी की ट्रेनों के रूट बदल दिए गए हैं। मौसम विभाग (IMD) ने स्थिति को देखते हुए मुंबई, ठाणे और रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

ट्रैक पर गिरा मलबा; इंद्रायणी, डेक्कन क्वीन समेत ये 16 ट्रेनें हुईं कैंसल

सेंट्रल रेलवे के मुताबिक, ट्रैक से मलबा हटाने का काम युद्धस्तर पर जारी है। सोमवार को रद्द की गई प्रमुख ट्रेनों की सूची इस प्रकार है:

  • 22105 / 22106: सीएसएमटी-पुणे-सीएसएमटी इंद्रायणी एक्सप्रेस
  • 12123 / 12124: सीएसएमटी-पुणे-सीएसएमटी डेक्कन क्वीन
  • 12127 / 12128: सीएसएमटी-पुणे-सीएसएमटी इंटरसिटी एक्सप्रेस
  • 11007 / 11008: सीएसएमटी-पुणे-सीएसएमटी डेक्कन एक्सप्रेस
  • 12125 / 12126: सीएसएमटी-पुणे-सीएसएमटी प्रगति एक्सप्रेस
  • 11009 / 11010: सीएसएमटी-पुणे-सीएसएमटी सिंहगढ़ एक्सप्रेस
  • 12169 / 12170: पुणे जंक्शन-सोलापूर-पुणे इंटरसिटी एक्सप्रेस
  • 11011 / 11012: सीएसएमटी-धुले-सीएसएमटी एक्सप्रेस

यात्रियों की बढ़ी परेशानी, इन 9 ट्रेनों का बदला रूट

घाट सेक्शन में ट्रैक ब्लॉक होने की वजह से देश के अलग-अलग हिस्सों से आने-जाने वाली 9 ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है। इन ट्रेनों को अब कल्याण, इगतपुरी, मनमाड, दौंड, भुसावल और सूरत के रास्ते चलाया जा रहा है:

  • 11049 अहमदाबाद-कोल्हापुर एक्सप्रेस
  • 22944 इंदौर-दौंड एक्सप्रेस
  • 12297 अहमदाबाद-पुणे दुरंतो एक्सप्रेस
  • 22144 बीदर-सीएसएमटी एक्सप्रेस
  • 17614 नांदेड़-पनवेल एक्सप्रेस
  • 20915 चरलापल्ली-इंदौर हमसफर एक्सप्रेस
  • 16554 एलटीटी-बेंगलुरु एक्सप्रेस
  • 22193 दौंड-ग्वालियर सुपरफास्ट
  • 22158 चेन्नई एग्मोर-सीएसएमटी मेल

IMD का रेड अलर्ट; 80 किमी/घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

मौसम में आए अचानक बदलाव के बाद भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ के लिए चेतावनी को ‘ऑरेंज’ से बदलकर ‘रेड अलर्ट’ कर दिया है। मौसम विभाग ने मुंबई और आस-पास के इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और भारी बारिश की आशंका जताई है।

आईएमडी ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, नदियों का जलस्तर बढ़ने और सड़कों-पुलों के जलमग्न होने का खतरा है। कोंकण तट पर समुद्र में ऊंची लहरें उठने और तूफान की आशंका है, जिससे रेल, हवाई और सड़क यातायात के साथ-साथ बिजली-पानी जैसी जरूरी सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं। प्रशासन ने लोगों को बिना जरूरी काम के बाहर न निकलने और यात्रा से पहले ट्रेनों का स्टेटस चेक करने की सलाह दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button