ईरान में खामेनेई के जनाजे से ट्रंप को खुली धमकी— ‘दुनिया का सबसे खराब इंसान अब तक जिंदा क्यों है?’
ईरान में दिवंगत सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के जनाजे में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को जान से मारने की खुली धमकी दी गई है। पढ़ें, तेहरान से लेकर वाशिंगटन तक बढ़े तनाव की पूरी रिपोर्ट।
तेहरान. ईरान के दिवंगत सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के जनाजे के दौरान तेहरान की सड़कों पर रविवार को माहौल उस वक्त बेहद गरमा गया, जब मंच संभाल रहे एक आयोजक ने सरेआम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को जान से मारने की अपील कर दी। न्यूज एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस (AP) के मुताबिक, 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के साझा हमले में खामेनेई की मौत के बाद यह पहला मौका है, जब आधिकारिक मंच से सीधे ट्रंप की मौत का आह्वान किया गया है। इस भड़काऊ नारे के गूंजते ही जनाजे में मौजूद लाखों की भीड़ ने चिल्लाकर इसका समर्थन किया।
‘दुनिया का सबसे खराब इंसान अब तक जिंदा क्यों है?’
तेहरान में चल रही विशाल शोक सभा के दौरान लाउडस्पीकर पर मोहम्मद रसूली नाम के एक कवि ने कमान संभाली। रसूली ने पहले तो भीड़ से ‘अमेरिका मुर्दाबाद’ और ‘इजरायल मुर्दाबाद’ के पारंपरिक नारे लगवाए, लेकिन इसके तुरंत बाद उन्होंने अपना रुख सीधे डोनाल्ड ट्रंप की तरफ मोड़ दिया। मंच से खुली धमकी देते हुए रसूली ने पूछा, “दुनिया का सबसे खराब इंसान अब तक जिंदा क्यों है?”
इसी बीच सोशल मीडिया पर एक और वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स रोते और चिल्लाते हुए कह रहा है, “हम उसे क्यों नहीं मार देते जिसने हमारे इमाम को मारा? यह हमारा फर्ज है। मैं तुम्हारे खून की कसम खाता हूं कि हम ट्रंप को मार डालेंगे।”
तेहरान की सड़कों पर जनसैलाब और ट्रंप का पलटवार
शनिवार के मुकाबले रविवार को तेहरान की सड़कों पर कहीं ज्यादा भारी भीड़ देखी गई। काले कपड़ों में लिपटे लाखों लोग खामेनेई की तस्वीरें और ट्रंप को मारने की मांग करने वाले पोस्टर लेकर बढ़ रहे थे।
उधर, जिस वक्त तेहरान में ट्रंप को मारने की कसमें खाई जा रही थीं, ठीक उसी वक्त वाशिंगटन में डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका की स्थापना की 250वीं वर्षगांठ के जश्न में शामिल हो रहे थे। वहां अमेरिकी सेना की तारीफ करते हुए ट्रंप ने ईरान पर तीखा तंज कसा और कहा, “हमें जबरदस्त कामयाबी मिली है। हमने ईरान की मिलिट्री को पूरी तरह मिटा दिया है।”
बातचीत के बीच नए सुप्रीम लीडर का शक्ति प्रदर्शन
खामेनेई की मौत के बाद ईरान के शासकों के लिए यह जनाजा नए सुप्रीम लीडर अयातुल्ला मुजतबा खामेनेई के लिए जनसमर्थन जुटाने और शक्ति प्रदर्शन का जरिया बन गया है। यह सब ऐसे नाजुक समय पर हो रहा है जब ईरान, युद्ध को हमेशा के लिए रोकने के लिए वाशिंगटन के साथ पर्दे के पीछे बातचीत की मेज पर बैठा है। ईरान इस बातचीत में होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपने रणनीतिक दबदबे का इस्तेमाल कर अमेरिका पर दबाव बनाने की कोशिश में है। हालांकि, इजरायल के दोबारा सैन्य कार्रवाई के डर के बीच शांति समझौते की उम्मीदें फिलहाल अधर में लटकी हुई हैं।




