मध्य प्रदेश

भोपाल में कैलाश जोशी जयंती समारोह, CM मोहन यादव बोले- उनके आदर्शों पर आगे बढ़ रही सरकार

भोपाल में पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कैलाश जोशी के संगठन कौशल, सादगी और जनसेवा को प्रदेश के लिए प्रेरणादायी बताया।

भोपाल. भोपाल स्थित विधानसभा के सेंट्रल हॉल में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कैलाश जोशी की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को स्मरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कैलाश जोशी का व्यक्तित्व राजनीति में सादगी, नैतिकता और जनसेवा का प्रेरक उदाहरण रहा है।

संगठन कौशल और जनसेवा को बताया प्रेरणा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कैलाश जोशी एक कुशल संगठनकर्ता और समर्पित समाजसेवी थे। उन्होंने 1962 में बागली विधानसभा क्षेत्र से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की और आगे चलकर प्रदेशाध्यक्ष सहित अनेक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका पूरा सार्वजनिक जीवन ईमानदारी, शुचिता और जनहित के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा, जिससे नई पीढ़ी के जनप्रतिनिधियों को प्रेरणा मिलती रहेगी।

विकास और जनकल्याण में योगदान को किया याद

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए कैलाश जोशी का योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उनके आदर्शों और कार्यशैली से प्रेरणा लेते हुए विकास और लोककल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ रही है। उनके विचार और मूल्य आज भी सार्वजनिक जीवन के लिए प्रासंगिक हैं।

विधानसभा अध्यक्ष की पहल की सराहना

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर की उस पहल की भी सराहना की, जिसके तहत प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्रियों और विधानसभा अध्यक्षों की जयंती एवं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक परंपराओं और राजनीतिक विरासत के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कई जनप्रतिनिधि और परिजन रहे मौजूद

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, पूर्व मंत्री दीपक जोशी सहित कैलाश जोशी के परिजन और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने पूर्व मुख्यमंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके सार्वजनिक जीवन के योगदान को याद किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button