इंडिगो का बड़ा ऐलान, देवघर-गुवाहाटी डायरेक्ट फ्लाइट से बढ़ेगी धार्मिक और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी
इंडिगो 4 अगस्त से देवघर और गुवाहाटी के बीच सीधी उड़ान सेवा शुरू करने जा रही है। यह फ्लाइट सप्ताह में दो दिन मंगलवार और शुक्रवार को संचालित होगी। नई सेवा से धार्मिक पर्यटन, व्यापार और पूर्वोत्तर व झारखंड के बीच संपर्क को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
गुवाहाटी. देश की प्रमुख विमान सेवा कंपनी इंडिगो 4 अगस्त से देवघर और गुवाहाटी के बीच सीधी उड़ान शुरू करने जा रही है। यह सेवा प्रत्येक सप्ताह मंगलवार और शुक्रवार को संचालित होगी। नई उड़ान शुरू होने से झारखंड और पूर्वोत्तर भारत के बीच हवाई संपर्क पहले की तुलना में अधिक सुगम होगा। यात्री एयरलाइन की वेबसाइट, मोबाइल ऐप और अधिकृत ट्रैवल एजेंटों के माध्यम से टिकट बुक कर सकेंगे।
धार्मिक पर्यटन और क्षेत्रीय संपर्क को मिलेगा बढ़ावा
देवघर देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। नई सीधी उड़ान से श्रद्धालुओं के साथ-साथ व्यवसायिक और सामान्य यात्रियों को भी तेज और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा। इसके अलावा झारखंड और पूर्वोत्तर राज्यों के बीच आर्थिक, सांस्कृतिक और पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलने की संभावना है।
यह रहेगा उड़ान का समय
निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार गुवाहाटी से उड़ान सुबह 9:25 बजे रवाना होकर 11:20 बजे देवघर पहुंचेगी। वहीं वापसी की उड़ान देवघर से सुबह 11:40 बजे उड़ान भरेगी और दोपहर 1:35 बजे गुवाहाटी पहुंचेगी। नई सेवा से दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय कम होगा और यात्रियों को अधिक सुविधाजनक कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।




