लॉस एंजिलिस. फैशन की दुनिया के बेताज बादशाह दिवंगत जॉर्जियो अरमानी के शानदार सफर और उनकी जिंदगी को अब बड़े पर्दे पर उतारा जाएगा। दो बार ‘पाल्मे डी’ओर’ और ऑस्कर पुरस्कार जीत चुके दिग्गज फिल्मकार बिल ऑगस्ट इस बायोपिक का निर्देशन करेंगे। ‘अरमानी: द किंग ऑफ फैशन’ नाम की इस फिल्म का निर्माण मशहूर इतालवी निर्माता आंद्रेया इर्वोलिनो करने जा रहे हैं, जिसमें अरमानी के विंडो ड्रेसर से लेकर ग्लोबल आइकन बनने तक के सफर को दिखाया जाएगा।
विवादों में घिरी फिल्म: अरमानी ग्रुप ने बनाई दूरी
फिल्म की घोषणा के साथ ही एक बड़ा विवाद भी सामने आ गया है। अरमानी समूह (Armani Group) ने आधिकारिक बयान जारी कर इस प्रोजेक्ट से पूरी तरह पल्ला झाड़ लिया है। ग्रुप का कहना है कि इस फिल्म को उनकी तरफ से कोई अनुमति नहीं दी गई है और न ही इस बायोपिक से उनका कोई संबंध है। बिना आधिकारिक मंजूरी के बन रही इस फिल्म को लेकर अब सिनेमा और फैशन जगत में चर्चाएं तेज हो गई हैं।




