‘दुल्हनिया ले आएगी’ का नया गाना ‘जलवा’ रिलीज, खुशाली कुमार के डांस ने बढ़ाया उत्साह
'दुल्हनिया ले आएगी' का नया वेडिंग सॉन्ग 'जलवा' रिलीज हो गया है। खुशाली कुमार के डांस, दमदार म्यूजिक और रंगीन प्रस्तुति ने फिल्म को लेकर उत्साह बढ़ा दिया है।
मुंबई . आगामी फैमिली एंटरटेनर फिल्म ‘दुल्हनिया ले आएगी’ का नया वेडिंग ट्रैक ‘जलवा’ रिलीज हो गया है। खुशाली कुमार पर फिल्माया गया यह हाई-एनर्जी डांस नंबर शादी के जश्न, संगीत और उत्सव के माहौल को रंगीन अंदाज में पेश करता है। दमदार म्यूजिक, आकर्षक कोरियोग्राफी और उत्साह से भरपूर प्रस्तुति के कारण यह गीत वेडिंग प्लेलिस्ट में अपनी जगह बनाने की ओर बढ़ता नजर आ रहा है।
खुशाली कुमार के डांस और अंदाज ने खींचा ध्यान
‘जलवा’ में खुशाली कुमार आत्मविश्वास और ऊर्जा से भरपूर अंदाज में नजर आ रही हैं। रंग-बिरंगे सेट, शानदार विजुअल्स और जोशीले डांस मूव्स गीत को खास बनाते हैं। फिल्म की टीम का मानना है कि यह गाना शादी के सीजन में समारोहों और संगीत कार्यक्रमों का पसंदीदा ट्रैक बन सकता है।
संगीत और टीम का खास योगदान
इस गीत को जाज़िम शर्मा और सुवर्णा तिवारी ने अपनी आवाज दी है। संगीत की जिम्मेदारी भी जाज़िम शर्मा ने संभाली है, जबकि गीत के बोल जे.पी. गंगवार ने लिखे हैं। पंजाबी हुक एकम मानुके ने तैयार किया है। संगीत संयोजन अंशुमान शर्मा और मिक्सिंग-मास्टरिंग भास्कर शर्मा ने किया है, जिससे गीत को आधुनिक और उत्सवपूर्ण अंदाज मिला है।
गीत को लेकर क्या बोलीं खुशाली कुमार
खुशाली कुमार ने कहा कि पहली बार गीत सुनते ही उन्हें महसूस हो गया था कि इसमें एक यादगार वेडिंग सॉन्ग बनने की पूरी क्षमता है। उनके अनुसार यह गीत केवल संगीत नहीं, बल्कि खुशी, उत्साह और हर दुल्हन के आत्मविश्वास का उत्सव है। उन्होंने इसकी शूटिंग को अपने करियर के यादगार अनुभवों में से एक बताया।
निर्देशक को ‘जलवा’ से बड़ी उम्मीदें
फिल्म के निर्देशक आकाशादित्य लामा का कहना है कि ‘जलवा’ फिल्म की कहानी और उसके उत्सवी माहौल को पूरी तरह दर्शाता है। उनके मुताबिक संगीत, रंग, ऊर्जा और खुशाली कुमार की प्रस्तुति ने इस गीत को अलग पहचान दी है। उन्हें उम्मीद है कि यह ट्रैक वर्ष के चर्चित ब्राइडल सॉन्ग्स में अपनी जगह बनाएगा।
24 जुलाई को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
सिद्धार्थ बनर्जी, आकाशादित्य लामा और विकास अग्रवाल द्वारा निर्मित ‘दुल्हनिया ले आएगी’ में खुशाली कुमार के साथ पियूष मिश्रा और महेश मांजरेकर अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इससे पहले फिल्म का गीत ‘कर ले शादी’ भी दर्शकों के बीच चर्चा में रहा था। अब ‘जलवा’ की रिलीज के साथ फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है। यह फिल्म 24 जुलाई 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।



