छत्तीसगढ़

जल जीवन मिशन 2.0: पंचायतें संभालेंगी नल-जल योजनाएं, सोशल ऑडिट और मॉनिटरिंग होगी अनिवार्य

छत्तीसगढ़ में जल जीवन मिशन 2.0 के तहत ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन, पंचायतों की भूमिका, सोशल ऑडिट, वाटर मीटर और वित्तीय प्रबंधन को लेकर उच्च स्तरीय बैठक में महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।

रायपुर. छत्तीसगढ़ में ग्रामीण क्षेत्रों की पेयजल व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और टिकाऊ बनाने के उद्देश्य से मंत्रालय महानदी भवन में जल जीवन मिशन 2.0 के तहत उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और जल जीवन मिशन के अधिकारियों के साथ संचालन एवं रखरखाव नीति के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।

पंचायतों को सौंपी जाएगी नल-जल योजनाओं की जिम्मेदारी

बैठक में तय किया गया कि राज्य में तैयार की गई सभी ग्रामीण नल-जल योजनाओं का संचालन शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाएगा। इसके लिए योजनाओं की संस्थागत जिम्मेदारी चरणबद्ध तरीके से ग्राम पंचायतों को सौंपी जाएगी। साथ ही ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों के माध्यम से योजनाओं के संचालन और रखरखाव को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि स्थानीय स्तर पर जनभागीदारी मजबूत हो और योजनाओं का बेहतर संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

सोशल ऑडिट और ग्राम सभा की निगरानी पर रहेगा जोर

बैठक में पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिए गए कि पेयजल योजनाओं का नियमित सोशल ऑडिट कराया जाए। इसके अलावा प्रत्येक ग्राम सभा में जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति, संचालन और गुणवत्ता से जुड़े विषयों पर अनिवार्य रूप से चर्चा की जाएगी। इससे स्थानीय स्तर पर निगरानी बढ़ेगी और समस्याओं का समय पर समाधान संभव हो सकेगा।

वाटर मीटर, जल शुल्क और वित्तीय व्यवस्था पर मंथन

जल जीवन मिशन 2.0 की दीर्घकालिक सफलता को ध्यान में रखते हुए बैठक में योजनाओं के रखरखाव के लिए वित्तीय प्रबंधन, जल शुल्क निर्धारण और संसाधनों के बेहतर उपयोग पर भी विचार किया गया। जल की बर्बादी कम करने और राजस्व प्रबंधन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से भविष्य में बजट प्रावधानों के अनुसार वाटर मीटर लगाने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। साथ ही पेयजल गुणवत्ता परीक्षण, विभिन्न स्तरों पर मॉनिटरिंग और सामुदायिक भागीदारी आधारित मूल्यांकन व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

नीति के प्रारूप पर अधिकारियों ने रखा विस्तृत प्रस्तुतीकरण

बैठक के दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुलहक ने जल जीवन मिशन छत्तीसगढ़ की प्रस्तावित संचालन एवं रखरखाव नीति का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया और ग्रामीण पेयजल योजनाओं को दीर्घकालिक रूप से सफल बनाने के लिए आवश्यक सुझाव साझा किए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button